बेगूसराय: 10 देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर निकली भव्य कलश शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शहर

बेगूसराय के प्रसिद्ध काली मंदिर में 10 देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को एक भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन किया गया. यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी और भक्तिमय माहौल बनाया.

Begusarai News: शहर के प्रसिद्ध काली मंदिर में 10 देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. श्रद्धा और आस्था से सराबोर इस यात्रा में हजारों की संख्या में कुमारी कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, वहीं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु भी शामिल हुए. 'जय मां काली' और 'जय माता दी' के गगनभेदी जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूब गया.

विभिन्न मार्गों से गुजरी भव्य शोभायात्रा

धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत काली मंदिर परिसर में वैदिक आचार्यों द्वारा पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ हुई. इसके बाद कलश यात्रा विष्णुपुर स्थित काली स्थान से प्रारंभ होकर गायत्री मंदिर, बीपी स्कूल, सदर अस्पताल के पीछे स्थित मार्ग सहित शहर के विभिन्न रास्तों से गुजरते हुए पुनः काली स्थान पहुंचकर संपन्न हुई. इस दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे और मार्ग के दोनों ओर मौजूद लोगों ने कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया.

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन संपन्न

यात्रा के काली स्थान पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कलश पूजन संपन्न कराया गया. आचार्यों ने पूजा-अर्चना के बाद कलशों की स्थापना कराई और प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के आगामी धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया. श्रद्धालुओं ने मां काली सहित सभी देवी-देवताओं से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

आगामी दिनों में होंगे विविध धार्मिक अनुष्ठान

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि 10 देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर कई दिनों से धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. आगामी दिनों में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा, यज्ञ, हवन, पूजन, प्रवचन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा. वहीं कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin Kumar Mishra

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >