Begusarai News : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला के सफल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन को लेकर शनिवार को अटल कलाम भवन, तेघड़ा में अनुमंडल स्तरीय बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने की. इसमें तेघड़ा अनुमंडल के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मेला समिति के सदस्य और आयोजन से जुड़े अन्य लोग शामिल हुए. बैठक में मेले के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था रहेगी प्राथमिकता
अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि जन्माष्टमी मेला तेघड़ा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और मेला समिति आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां पूरी करें. उन्होंने विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, प्रमुख स्थानों पर निगरानी और यातायात को सुचारु रखने के निर्देश दिए.
Also Read : दिल्ली रैली की तैयारी में जुटी भाकपा, साहेबपुर कमाल से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा
अफवाह और असामाजिक गतिविधियों पर रहेगी नजर
एसडीओ ने कहा कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि या अव्यवस्था पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी. महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को तैयार रहने को कहा गया.
साफ-सफाई और पेयजल की रहेगी पर्याप्त व्यवस्था
मेले में साफ-सफाई को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए. एसडीओ ने मेला परिसर, पूजा पंडालों, मुख्य मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई कराने, पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखने तथा कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित करने को कहा. श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.
Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित
बिजली, अग्निशमन और चिकित्सा व्यवस्था की तैयारी
बैठक में निर्बाध बिजली आपूर्ति, जर्जर तारों और विद्युत व्यवस्था की जांच, अग्निशमन की तैयारी, प्राथमिक चिकित्सा और एंबुलेंस की व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया.
मेला समिति से प्रशासन के साथ समन्वय की अपील
एसडीओ ने मेला समिति के सदस्यों से प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मेला समिति और स्थानीय नागरिकों के सामूहिक सहयोग से जन्माष्टमी मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित, स्वच्छ और आकर्षक बनाया जाएगा. बैठक में मेला की तैयारियों, पूजा पंडालों की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. अधिकारियों और मेला समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
