Begusarai News : बखरी में कला एवं संस्कृति के लिए समर्पित संस्था हिंद कला परिषद् ने अपने संस्थापक सदस्य एवं प्रख्यात रंगकर्मी स्व. इंद्रदेव सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया. नगर के चतुर्भुज मार्केट में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष कृष्ण बंधु स्वर्णकार ने की, जबकि संचालन सचिव सीताराम केसरी ने किया.
रंगमंच ने खोया अपना श्रेष्ठ कलाकार
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ सदस्य पवन कुमार नेमानी ने कहा कि हिंद कला परिषद् ने अपने रंगमंच का एक श्रेष्ठ कलाकार खो दिया है. उन्होंने कहा कि स्व. इंद्रदेव सिंह ने अपने अभिनय और कला के माध्यम से क्षेत्र में अलग पहचान बनाई थी.
आंदोलन और सामाजिक कार्यों में भी निभाई अहम भूमिका
पूर्व मुखिया एवं राजद नेता मनोहर केसरी ने कहा कि स्व. इंद्रदेव सिंह जितने अच्छे कलाकार थे, उतने ही संवेदनशील और सरल व्यक्तित्व के धनी भी थे. वहीं पूर्व पार्षद एवं भाजपा जिला प्रवक्ता सिधेश आर्य ने कहा कि संघर्षों के बीच आगे बढ़ते हुए उन्होंने 'बखरी को अनुमंडल बनाओ' सर्वदलीय संघर्ष समिति के संयोजक के रूप में आंदोलन को नई दिशा दी और उसे मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
चित्रकला और रंगकर्म की अपूरणीय क्षति
मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्व. इंद्रदेव सिंह के निधन से क्षेत्र ने रंगकर्म और चित्रकला के लिए समर्पित एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व को खो दिया है. उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी.
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य अशोक केसरी, विद्यानंद यादव, ताराचंद अग्रवाल, श्रीकृष्ण गौशाला के सचिव कैलाश चंद्र शर्मा, दिलीप ठाकुर, रामचंद्र सहनी, श्री विश्वबंधु पुस्तकालय के संरक्षक समिति के संयोजक प्रो. आनंद चंद्र झा, अध्यक्ष संतोष भारती 'गुड्डू', उपाध्यक्ष पवन कुमार सुमन, कमल नेमानी, रामकुमार केसरी 'पमपम', रंजीत अविनाश, मयंक सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की.
Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
