बेगूसराय: छात्रा के गंभीर आरोप से मचा बवाल, प्रधानाध्यापक और रसोइया पर आपत्तिजनक स्थिति में दिखने का दावा, स्कूल में जड़ा ताला

बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड स्थित कादराबाद मध्य विद्यालय में एक छात्रा के गंभीर आरोप के बाद हड़कंप मच गया. छठी कक्षा की छात्रा के दावे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया. छात्रा ने स्कूल परिसर में प्रधानाध्यापक और महिला रसोइया को आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा किया है, जिससे आक्रोश फैल गया है.

Begusarai News: बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड स्थित कादराबाद मध्य विद्यालय में एक छात्रा के गंभीर आरोप के बाद हंगामा मच गया. छठी कक्षा की छात्रा ने दावा किया है कि उसने विद्यालय के प्रधानाध्यापक और महिला रसोइया को स्कूल परिसर में आपत्तिजनक स्थिति में देखा. छात्रा के इस आरोप के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने विद्यालय पहुंचकर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया.

क्या है पूरा मामला

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि छात्रा द्वारा कथित घटना देखने के बाद प्रधानाध्यापक और महिला रसोइया ने उसे चुप रहने के लिए बहलाने-फुसलाने की कोशिश की. आरोप है कि छात्रा के मना करने पर उसे डराया-धमकाया भी गया. ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार रात महिला रसोइया छात्रा के घर पहुंची और वहां परिजनों के साथ गाली-गलौज तथा हंगामा किया. इसके बाद मामला पूरे गांव में फैल गया.

घटना से नाराज ग्रामीण और छात्रा के परिजन विद्यालय पहुंचे और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया. लोगों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया. विरोध के कारण पूरे दिन स्कूल में पढ़ाई बाधित रही.

प्रधानाध्यापक पर फरार होने का आरोप

ग्रामीणों का दावा है कि घटना के बाद से प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार चौधरी विद्यालय नहीं आए हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद है. स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि उनकी बेटी की शादी बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी के बेटे से हुई है. हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

रसोइया ने आरोपों को बताया झूठा

महिला रसोइया ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि छात्रा के परिवार से उनकी पुरानी रंजिश है. उनके अनुसार, इसी दुश्मनी के कारण उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं.

बीईओ बोले- लिखित शिकायत मिलने पर होगी निष्पक्ष जांच

सूचना मिलने पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संजीव कुमार यादव विद्यालय पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया. उन्होंने कहा कि यदि लिखित शिकायत मिलती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी. जांच में आरोप सही पाए जाने या प्रधानाध्यापक के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी. बीईओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय का ताला खोल दिया. हालांकि, पूरे दिन विद्यालय में शैक्षणिक कार्य ठप रहा. फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >