बाबा हरिगिरिधाम गढ़पुरा में आयोजित श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था को लेकर अनुमंडल प्रशासन, बखरी ने आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार, मेले की अवधि 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक हर रविवार अपराह्न दो बजे से अगले दिन सोमवार अपराह्न दो बजे तक गढ़पुरा बाजार में नो इंट्री लागू रहेगी.
गढ़पुरा-बखरी मुख्य मार्ग, गढ़पुरा-हसनपुर तथा गढ़पुरा-मंझौल पथ से नहीं चलेंगे छोटे-बड़े वाहन
एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने बताया कि रविवार और सोमवार को बाबा हरिगिरिधाम में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.इस दौरान गढ़पुरा बाजार के मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल, तीन पहिया, चार पहिया, दस चक्का, अठारह चक्का सहित सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे. आदेश के तहत गढ़पुरा-बखरी मुख्य मार्ग, गढ़पुरा-हसनपुर मार्ग तथा गढ़पुरा-मंझौल मार्ग पर भी प्रतिबंध प्रभावी रहेगा.
खगड़िया और बलिया की ओर से आनेवाले वाहन बखरी-मंझौल पथ से होकर गुजरेंगे
प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है. खगड़िया और बलिया की ओर से आने वाले बड़े वाहन बखरी-गढ़पुरा पथ के बजाय बखरी-मंझौल पथ का उपयोग करेंगे,जबकि समस्तीपुर और हसनपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहन गढ़पुरा-बखरी मार्ग के स्थान पर गढ़पुरा-मंझौल पथ से होकर गुजरेंगे. एसडीएम सन्नी कुमार सौरव एवं एसडीपीओ कुंदन कुमार के संयुक्त आदेश में अंचल अधिकारी गढ़पुरा एवं थानाध्यक्ष गढ़पुरा को निर्देश दिया गया है कि वैकल्पिक मार्गों की जानकारी माइकिंग के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाई जाए तथा आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए.
