चेरियाबरियारपुर. प्रखंड प्रमुख एवं उप प्रमुख के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर फ्लोर टेस्ट से पूर्व पूर्व पंस के घर पर गोलीबारी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है. जानकारी के अनुसार उक्त गोलीबारी की घटना चेरियाबरियारपुर के पंचायत समिति सदस्य अर्जुन चौधरी के घर पर थाना एवं प्रखंड कार्यालय के बीच में स्टेट हाइवे 55 के किनारे हुई है. हालांकि उक्त गोलीबारी की घटना में किसी के जख्मी अथवा हताहत होने की खबर नहीं है. बावजूद इसके दिनदहाड़े लगभग 11 बजे के आस-पास हुई इस घटना से आम लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया है.
जांच में जुटी पुलिस
वहीं घटना के तुरंत बाद थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर निगम कुमार वर्मा, मंझौल एसडीपीओ नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. तथा घटना की जांच पड़ताल में जुट गए. बताया जा रहा है 02 की संख्या में पल्सर बाइक पर सवार अपराधियों ने उक्त घटना को अंजाम दिया है. सूत्र बताते हैं कि घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मंझौल की ओर निकल गए.घटनास्थल से पुलिस ने छह खोखा किया बरामद
वहीं पुलिस के द्वारा जांच के क्रम में पंसस अर्जुन चौधरी घर के पास से गोली का छह खोखा बरामद किया गया है. साथ ही पंस के घर पर लगे गोली के निशान भी देखे गए हैं. वहीं इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रेस रिलीज भी जारी किया गया है. जिसमें बताया गया है कि गोलीबारी के घटना जिला पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लेते हुए स्वयं स्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल करते हुए एसडीपीओ एवं थानाध्यक्ष को विभिन्न निर्देश दिए गए हैं. साथ ही विधि व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है.
चेरियाबरियारपुर थाने व प्रखंड कार्यालय के बीच स्टेट हाइवे-55 के पास हुई घटना
वहीं पीड़ित पंस सदस्य अर्जुन चौधरी ने अपने ही कुछ पंस सदस्यों पर विगत 10 फरवरी के बाद से धमकाने की बात कही जा रही है. पीड़ित पंस के द्वारा बताया जा रहा है वर्तमान प्रमुख एवं उप प्रमुख के विरुद्ध प्रस्ताव के समर्थन में कुछ सदस्यों ने धमकी दी थी. ऐसे लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने की कार्यवाही की जा रही है. वहीं एसडीपीओ नवीन कुमार ने बताया आस-पास में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. तथा गोलीबारी करने वाले अपराधियों को चिन्हित किया जा रहा है. पुलिस जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजते हुए मामले का उद्भेदन करेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
