Begusarai News : नावकोठी थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विद्युत ऊर्जा चोरी रोकने के उद्देश्य से विद्युत विभाग की टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया. अभियान का नेतृत्व कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा ने किया. इस दौरान कार्यपालक सहायक प्रवीण कुमार सहित विभागीय कर्मी भी मौजूद रहे.
तीन लोग अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते मिले
छापेमारी के दौरान तीन लोगों को अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा का उपयोग करते हुए पकड़ा गया. नावकोठी थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि तीनों आरोपितों के विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 135 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत नावकोठी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
विभाग ने लाखों रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया
कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में पहसारा वार्ड संख्या-9 निवासी छोटन महतो, पिता लखन महतो पर अवैध विद्युत उपयोग के मामले में 23,334 रुपये की राजस्व क्षति दर्ज की गई है. वहीं पहसारा वार्ड संख्या-7 निवासी अजय कुमार पर 36,794 रुपये तथा पीरनगर वार्ड संख्या-9 निवासी रामानंद सदा पर 16,800 रुपये की राजस्व क्षति का मामला दर्ज किया गया है.
बिजली चोरी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा ने कहा कि विद्युत विभाग की ओर से बिजली चोरी के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने बताया कि विभाग से स्पष्ट निर्देश प्राप्त हैं कि बिजली चोरी में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.
Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
