Durga Puja Panchvir: दुर्गा पूजा सह मेला को शांतिपूर्ण और सफल बनाने को लेकर सोमवार की शाम दुर्गा पूजा समिति पंचवीर की बैठक दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष मणिकांत जलान ने की. इसमें दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी और सदस्यों ने आगामी दुर्गा पूजा को धूमधाम से मनाने तथा आयोजन की तैयारियों में अभी से जुट जाने का निर्णय लिया.
पूजा समिति के सदस्यों को दी गयी जिम्मेदारी
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष मणिकांत जलान ने कहा कि दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी सदस्यों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी. उन्होंने सदस्यों से पूजा संपन्न होने तक आपसी समन्वय के साथ काम करने और मेला को भव्य बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया.
बैठक में पूजा और मेला की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. इस दौरान मंदिर परिसर में भव्य एवं आकर्षक डेकोरेशन करने का निर्णय लिया गया. साथ ही पूरे धार्मिक माहौल और श्रद्धा के साथ मां दुर्गा की पूजा संपन्न कराने पर जोर दिया गया.
साहित्यिक प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
दुर्गा पूजा सह मेला के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया. बैठक में साहित्यिक वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित करने पर सहमति बनी. इसके अलावा नवमी और दशमी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.
जय दुर्गा नाट्य कला परिषद की ओर से दो रात नाटक की प्रस्तुति करने का निर्णय लिया गया है. इसके साथ ही नृत्य कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा. समिति की ओर से इन कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी शुरू करने की बात कही गयी.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में दुर्गा पूजा समिति पंचवीर के अध्यक्ष मणिकांत जलान, कार्यकारी अध्यक्ष मनोज गुप्ता, उपाध्यक्ष दिलीप पासवान, मंदिर व्यवस्था प्रमुख मनोज प्रेमी, कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, सचिव सचिन झा, मीडिया प्रभारी ललन राय, सदस्य सुनील जायसवाल, संजय यादव, मोहन मालाकार, अजीत पाठक, सिद्धार्थ गौतम सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.
