बेगूसराय: पंचायत सरकार भवन निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, विकास योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

बेगूसराय डीएम श्रीकांत शास्त्री ने विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पंचायत सरकार भवन और सोलर लाइट कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं।

Begusarai News : बेगूसराय में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बुधवार को पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. बैठक में पंचायत सरकार भवन निर्माण, ग्राम कचहरी, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, आरटीपीएस, ई-ग्राम कचहरी और जन-शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई. डीएम ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. लंबित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए.

217 पंचायतों में 61 पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले की 217 पंचायतों में से 61 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 90 भवनों का निर्माण कार्य जारी है. वहीं दूसरे चरण में 48 पंचायतों में भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई है तथा शेष 18 पंचायतों में निर्माण स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है. डीएम ने भूमि विवाद या तकनीकी कारणों से लंबित भवन निर्माण कार्य को अविलंब शुरू कराने का निर्देश दिया.

ग्राम कचहरी और जन-शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा

ग्राम कचहरियों में सरपंचों के माध्यम से आपसी बंटवारे से जुड़े मामलों की समीक्षा में बताया गया कि आठ जुलाई तक 2,164 मामलों पर कार्रवाई की गई है. इनमें 482 मामलों का निष्पादन हो चुका है, जबकि 501 मामले प्रक्रियाधीन हैं. जुलाई माह में छह जुलाई तक 65 पंचायतों का निरीक्षण भी किया गया. साथ ही कन्या विवाह मंडप निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने और लंबित जमाबंदी रद्दीकरण मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए.

98.87 प्रतिशत सोलर लाइटें लगीं

मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिले में 31,030 लाइटों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 30,680 सोलर लाइटें लगाई जा चुकी हैं, जो 98.87 प्रतिशत उपलब्धि है. आरटीपीएस काउंटर के माध्यम से प्राप्त 1,24,984 आवेदनों में से 1,23,923 का निष्पादन किया जा चुका है. इस उपलब्धि के आधार पर बेगूसराय जिला राज्य स्तरीय रैंकिंग में छठे स्थान पर है. सीपी ग्राम पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण की भी समीक्षा की गई.

समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश दिया

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को वित्त आयोग की राशि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और आमजन से जुड़ी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम सहित सभी प्रखंडों के पंचायती राज पदाधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin kumar mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >