Begusarai News : प्रखंड क्षेत्र के मिनी सुल्तानगंज के नाम से प्रसिद्ध छर्रापट्टी राजघाट पर सावन माह में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. शनिवार को जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने अधिकारियों की टीम के साथ राजघाट पहुंचकर श्रावणी मेले की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया.
अधिकारियों के साथ किया स्थल निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान बलिया एसडीओ तरनिजा, एसडीपीओ सुबोध कुमार, बीडीओ रवि सिन्हा, सीओ संतोष कुमार, थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने घाट की साफ-सफाई, कांवरिया पथ की स्थिति और अतिक्रमण का जायजा लिया. इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.
कांवरिया पथ पर हर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश
डीएम ने गंगातट से छर्रापट्टी, मल्हीपुर, शालिग्रामी होते हुए हीरा टोल तक कांवरिया पथ का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्देश दिया कि कांवरियों को पैदल यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं.
बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और एसडीआरएफ की रहेगी तैनाती
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नदी में बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही घाट की साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सुविधा, चेंजिंग रूम, शौचालय और श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए पंडाल की समुचित व्यवस्था करने को कहा.
हर साल हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं छर्रापट्टी राजघाट
श्रावणी मेला समिति छर्रापट्टी के सदस्यों ने बताया कि सावन माह में बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा सहित कई जिलों से हजारों शिवभक्त यहां पहुंचते हैं. श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर जल भरते हैं और पैदल यात्रा कर सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड स्थित बाबा मटेश्वर धाम तथा प्रखंड क्षेत्र के मनोकामना मंदिर आलोक धाम, परोरा में जलाभिषेक करते हैं. इसी कारण एक माह तक यह क्षेत्र मिनी सुल्तानगंज का स्वरूप धारण कर लेता है.
मेला समिति ने प्रशासन का जताया आभार
मेला समिति के सदस्यों ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. स्थानीय लोगों के सहयोग से शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. इस अवसर पर श्रावणी मेला समिति के अध्यक्ष अनिल यादव, अजय कुमार भारती, सिकंदर यादव, रणबीर कुमार रमण, निलेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
