Begusarai News : बेगूसराय में 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री सिमरिया धाम पहुंचे. उन्होंने गंगा घाट, रीवर फ्रंट, धर्मशाला तथा मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
घाटों की साफ-सफाई करने का दिया निर्देश
निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए स्थानीय प्रशासन को फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि मेले के शुभारंभ से पहले सभी घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए.
डीएम ने खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, अस्थायी शौचालय, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा केंद्र, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए. रीवर फ्रंट और अन्य स्थानों पर अव्यवस्थित ढंग से लगी दुकानों को हटाने तथा सभी हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट चालू कराने को भी कहा. बिजली की अतिरिक्त जरूरत को देखते हुए उन्होंने मौके से ही बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर अलग ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया.
तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था का भी निरीक्षण करते हुए डीएम ने धर्मशाला में महिला श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था करने और मेला क्षेत्र में पर्याप्त पंडाल लगाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. तैयारियों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान डीडीसी आकाश चौधरी, सदर एसडीओ अनिल कुमार, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, डीटीओ राजीव कुमार, बरौनी बीडीओ अनुरंजन कुमार, नगर परिषद बीहट के कार्यपालक पदाधिकारी अवनीश कुमार, चकिया थानाध्यक्ष गौतम कुमार दास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
सावन में लाखों श्रद्धालुओं का लगता है जमावड़ा
सिमरिया धाम मिथिलांचल का प्रमुख आस्था केंद्र है. सावन महीने में यहां से लाखों कांवरिये गंगा जल लेकर हरिगिरिधाम (गढ़पुरा), अशोक धाम (लखीसराय) और देवघर के लिए रवाना होते हैं.वहीं देवघर से लौटने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी सिमरिया धाम पहुंचकर जल भरने के बाद अपने घरों की ओर प्रस्थान करते हैं. ऐसे में हर वर्ष यहां भारी भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है.
