विद्यार्थी सहयोग शिविर के सफल संचालन को लेकर प्राचार्यों और नोडल पदाधिकारियों का प्रशिक्षण

Begusarai News : बेगूसराय में विद्यार्थी सहयोग शिविर के सफल संचालन हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जानें पोर्टल और पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया।

Begusarai News : राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में बेगूसराय जिले में प्रस्तावित विद्यार्थी सहयोग शिविर के सफल संचालन को लेकर कारगिल विजय सभा भवन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने की.

विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों को दी गई जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के चिह्नित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य और नोडल पदाधिकारी शामिल हुए. इस दौरान उन्हें विद्यार्थी सहयोग शिविर पोर्टल के माध्यम से विद्यालय और महाविद्यालय का पंजीकरण, विद्यार्थियों का पंजीकरण, विद्यार्थियों से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों को पोर्टल पर दर्ज करने तथा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई.

पोर्टल के तकनीकी और संचालनात्मक पहलुओं पर प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान सीएम फेलो मयंक लाल, जिला आईटी प्रबंधक अजीत कुमार, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी मनीष कुमार मिश्रा तथा जिला समन्वयक, एलएसबीए विश्वजीत कुमार ने प्रतिभागियों को पोर्टल के विभिन्न तकनीकी एवं संचालनात्मक पहलुओं की जानकारी दी. प्रतिभागियों को विद्यार्थियों की समस्याओं के पंजीकरण, संबंधित विभाग एवं पदाधिकारी को आवेदनों के अग्रसारण तथा उनके निष्पादन की ऑनलाइन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया.

हर माह के चतुर्थ मंगलवार को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर

विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं आधारभूत समस्याओं के त्वरित निष्पादन और जिले की शिक्षा व्यवस्था के गुणात्मक विकास के उद्देश्य से प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, आधारभूत, छात्रावास, संस्थागत एवं अन्य समस्याओं को सुना जाएगा. प्राप्त शिकायतों और सुझावों का अंतिम एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है.

समस्याओं और सुझावों के लिए मिलेगा प्रभावी मंच

विद्यार्थी सहयोग शिविर विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष रखने का प्रभावी मंच प्रदान करेगा. शिविर में प्राप्त शिकायतों को पोर्टल पर पंजीकृत करते हुए उनके निष्पादन की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण किया जाएगा.

शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सुझावों का होगा उपयोग

विद्यार्थियों से प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों को शिक्षा व्यवस्था और शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के गुणात्मक सुधार के लिए उपयोगी इनपुट के रूप में लिया जाएगा. जिला प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है. साथ ही, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >