बेगूसराय: तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने सदन में उठाया बीहट और बरौनी के तीन विद्यालयों का मुद्दा, शिक्षा मंत्री ने दिया आश्वासन

तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने बिहार विधानसभा में बीहट और बरौनी के तीन राजकीयकृत एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालयों को उच्च माध्यमिक विद्यालय में अपग्रेड करने की मांग उठाई. राष्ट्रकवि दिनकर की प्रारंभिक पाठशाला बारो का भी ऐतिहासिक महत्व बताते हुए विधायक ने सरकारी योजना से शहरी निकाय क्षेत्रों के स्कूलों के वंचित रहने का मुद्दा उठाया.

Begusarai News: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के प्रश्नकाल के दौरान तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने बीहट नगर परिषद स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय (बारो), उत्क्रमित मध्य विद्यालय (मसनदपुर, बीहट) तथा बरौनी नगर परिषद स्थित लालो चंपा जगती मध्य विद्यालय (बरौनी) को उच्च माध्यमिक विद्यालय में उत्क्रमित किए जाने का महत्वपूर्ण प्रश्न सदन में प्रमुखता से उठाया.

दिनकर जी की प्रारंभिक पाठशाला का ऐतिहासिक महत्व

विधायक रजनीश कुमार ने सदन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बारो का ऐतिहासिक महत्व अत्यंत गौरवपूर्ण है, क्योंकि यह राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' जी की प्रारंभिक पाठशाला रही है. वर्ष 1875 में स्थापित यह ऐतिहासिक संस्थान आज भी अपनी पहचान बनाए हुए है, किंतु इसका अब तक उच्च माध्यमिक विद्यालय में उत्क्रमण नहीं हो सका है. स्थानीय नागरिकों, शिक्षाविदों और समाज सेवा संघर्ष समिति द्वारा इसकी मांग लंबे समय से की जा रही है.

शहरी निकाय क्षेत्र के विद्यालय योजना से रहे वंचित

विधायक ने सदन में स्पष्ट किया कि वर्ष 2019-20 में सरकार द्वारा प्रत्येक पंचायत के मध्य विद्यालयों को माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में उत्क्रमित किया गया था. हालांकि, जो पंचायतें नगर परिषद या अन्य शहरी निकाय क्षेत्रों में शामिल हो गईं, वहां स्थित कई विद्यालय इस योजना से वंचित रह गए. पर्याप्त भूमि, भवन एवं आधारभूत संरचना उपलब्ध होने के बावजूद उत्क्रमण न होने से छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज जाने पर मजबूर होना पड़ रहा है.

शिक्षा मंत्री ने दिया शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन

प्रश्न के उत्तर में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार शीघ्र ही एक संकल्प लाकर न केवल इन तीनों विद्यालयों, बल्कि बिहार के सभी शहरी निकाय क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले ऐसे मध्य विद्यालयों को माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में उत्क्रमित करने की दिशा में ठोस एवं सकारात्मक कदम उठाएगी. विधायक ने शिक्षा मंत्री के इस आश्वासन का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश भर के विद्यार्थियों के हित में एक सराहनीय पहल बताया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >