Begusarai News: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) एवं महाविद्यालय शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के आह्वान पर बेगूसराय में कर्मचारियों ने अपनी लंबित 15 सूत्री मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. हड़ताल के पहले ही दिन जिले के विभिन्न कॉलेजों में प्रशासनिक, नामांकन व परीक्षा से जुड़े कामकाज पूरी तरह ठप हो गए, जिससे छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा.
विभिन्न कॉलेजों में प्रदर्शन, शिक्षक और संविदा कर्मियों का भी मिला समर्थन
स्व. विश्वनाथ सिंह शर्मा महाविद्यालय: इकाई अध्यक्ष मोहम्मद अजमल की अध्यक्षता में प्रधानाचार्य कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया. मौके पर धीरज कुमार, राजीव कुमार, अनिल पोद्दार, समीर कुमार, कारी सिंह, कुमार गौरव, रामसेवक कुमार, भानु चौधरी, इकाई संरक्षक संजय किशोर प्रसाद सिंह, प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक कुंवर और जिला सचिव मनोज कुमार मिश्रा मौजूद रहे. हड़ताल को शिक्षक संघ सचिव डॉ. नीलेश कुमार, धनंजय कुमार, डॉ. मोहम्मद परवेज, इकाई अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार तथा संविदा कर्मी टिंकू कुमार, प्रिंस कुमार, राजा कुमार, विकास कुमार, नीतीश कुमार, रूपेश कुमार, कुशाग्र कुमार व रौशन कुमार ने भी समर्थन दिया.
जीडी कॉलेज: जीडी कॉलेज बेगूसराय में भी कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी और जोरदार प्रदर्शन किया.
कर्मचारियों की प्रमुख 15 सूत्री मांगें
- पूर्व में समर्पित ज्ञापनों एवं लिखित बिंदुओं का त्वरित क्रियान्वयन.
- प्रोन्नति प्रभार पाए कर्मियों के प्रोन्नति वेतन का निर्धारण कर भुगतान सुनिश्चित करना तथा शेष बचे कर्मियों की पदस्थापना.
- योग्यताधारी कर्मियों को रिक्त पदों पर प्रोन्नति प्रभार देना.
- लोक भवन पटना द्वारा पारित नियमों/परिनियमों का पालन करना.
- चतुर्थ चरण के कर्मियों के सातवें वेतनमान के अंतर (वेतनांतर) का भुगतान.
- अदालती आदेश प्राप्त कर्मियों को न्यायादेश के आलोक में लाभ देना.
- तथ्यों से परे संचिकाओं के निष्पादन के नाम पर कर्मचारियों का आर्थिक व मानसिक शोषण बंद करना.
- 15 अप्रैल 2024 के विश्वविद्यालय पत्र के आलोक में महाविद्यालयों के प्रधान लिपिक (सामान्य/लेखा) को प्रशाखा पदाधिकारी नामित करना.
- समस्तीपुर कॉलेज के प्रधानाचार्य कक्ष में कर्मचारी के साथ घटित घटना में प्रधानाचार्य की भूमिका की निष्पक्ष जांच.
- सभी स्थानांतरित कर्मियों का स्थानांतरण तुरंत वापस लेना.
- कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के बकाया महंगाई भत्ते (DA) का अविलंब पूर्ण भुगतान.
- सेवानिवृत्त कर्मियों की सेवांत लाभ कटौती वापस करते हुए बकाए का भुगतान.
- न्यायालय के आदेश के विपरीत प्रोन्नति की तिथियों में की गई हेराफेरी में सुधार.
- एमएसीपी (MACP) का सही निर्धारण.
- सभी कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर वेतन और पेंशन का भुगतान.
