Begusarai News : तेघड़ा. प्रखंड क्षेत्र की रातगांव पंचायत में रविवार दोपहर बाढ़ के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गयी. घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के रातगांव पंचायत वार्ड संख्या 14 स्थित भगवानपुर चट्टी की है. मृतक की पहचान मधु देवी और चंदन महतो के छोटे पुत्र ऋषभ कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
खेलने के दौरान पानी भरे गड्ढे में डूबा मासूम
घटना के संबंध में स्थानीय पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार लोली, वार्ड सदस्य उदय महतो और पंच रामनाथ महतो ने बताया कि ऋषभ रविवार दोपहर करीब एक बजे अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. इसी दौरान वह बाढ़ के पानी से भरे गड्ढे में डूब गया. उसके साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद मासूम को गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
गंगा के बढ़ते जलस्तर से भरे गड्ढे और पोखर
स्थानीय लोगों ने बताया कि रातगांव पंचायत का इलाका बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आता है. गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण पंचायत के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है. इसके कारण क्षेत्र के छोटे-बड़े गड्ढों के अलावा सूखे तालाब और पोखर भी पानी से भर गये हैं. इसी दौरान खेलते समय ऋषभ पानी से भरे गड्ढे में चला गया और डूबने से उसकी जान चली गयी.
दो बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था ऋषभ
बताया गया कि ऋषभ दो बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित इलाकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है.
परिजनों ने चार लाख रुपये मुआवजे की मांग की
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तेघड़ा के अंचलाधिकारी दीपक कुमार से बात कर पीड़ित परिवार को आपदा के तहत मिलने वाली चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मांग की. सीओ ने आश्वासन दिया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार मुआवजे की राशि उपलब्ध करायी जाएगी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद तेघड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
Also Read : वीरपुर में जलजमाव से परेशान पूजा समिति ने खुद समतल की सड़क, जन्माष्टमी मेले की तैयारी तेज
