Begusarai News : चोरी का खुलासा नहीं होने पर व्यवसायियों ने निकाला प्रतिरोध मार्च

Begusarai News : बखरी में बीते दिनों हुए चोरी की घटना के विरोध में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत व्यवसायियों ने प्रतिरोध मार्च निकाला.

बखरी. बखरी में बीते दिनों हुए चोरी की घटना के विरोध में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत व्यवसायियों ने प्रतिरोध मार्च निकाला.व्यवसायिक सुरक्षा मंच के बैनर तले आयोजित प्रतिरोध मार्च में शामिल व्यवसायी हाथों में तख्तियां लेकर टाउन ओपी की स्थापना,चोरी कांड का उद्भेदन तथा सामान की बरामदगी की मांग कर रहे थे.वहीं पुलिस को अपनी सुस्ती छोड़ कर चोरों को पकड़ने के संबंधित नारेबाजी भी कर रहे थे.अम्बेडकर चौक से निकला प्रतिरोध मार्च बाजार क्षेत्र के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए ढाला चौक स्थित सार्वजनिक नव दुर्गा स्थान मंदिर परिसर में पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया.

23 फरवरी को व्यवसायियों ने लिया बखरी बंद रखने का निर्णय

प्रतिरोध सभा को संबोधित करते हुए व्यवसायिक सुरक्षा मंच के अध्यक्ष सह पूर्व पार्षद सिधेश आर्य ने कहा कि कांड के उद्भेदन में थाना पुलिस की सुस्ती आश्चर्यजनक है.शहर में अपराध की रोकथाम के लिए टाउन ओपी की स्थापना हो,यह अब जनाकांक्षा बन चुकी है.वही सूखा नशा व स्मैकर्स अपराध के कारक बन चुके हैं.बावजूद पुलिस की कार्रवाई नदारद है.संघर्ष समिति के संयोजक दिलीप केसरी ने कहा कि व्यापारियों का भरोसा पुलिस प्रशासन पर से धीरे धीरे कम हो रहा है.पर्याप्त समय सीमा मिलने के बाद भी पुलिस चोरों को पकड़ने में असमर्थ साबित हो रही है.उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन कर रहा है.आगामी 23 फरवरी को बखरी बंद में अपनी चट्टानी एकता का प्रदर्शन करते हुए चोरी और अपराध के खिलाफ लड़ाई तेज करना है.

देश और समाज की आर्थिक रीढ होते हैं व्यापारी : अध्यक्ष

व्यापार संघ के अध्यक्ष केदार केसरी ने कहा कि व्यापारी वर्ग, देश और समाज की आर्थिक रीढ होते हैं.उनकी तथा उनके व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में कोई भी लापरवाही मंजूर नहीं है.पूर्व पार्षद नीरज नवीन ने कहा कि नगर क्षेत्र से टाइगर मोबाइल को हटा कर पुलिस प्रशासन बाजार की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है.उन्होंने टाइगर जवानों की कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए उनकी पुनः तैनाती बाजार क्षेत्र में करने की मांग की है.भाजपा नगर अध्यक्ष कामिनी कंचन ने पुलिस प्रशासन से व्यवसायियों की समस्याओं का अविलंब निराकरण करने की बात कही.जबकि पूर्व नगर अध्यक्ष अमरनाथ पाठक ने कहा कि आमतौर पर शांत रहने वाला व्यवसायी वर्ग आंदोलन की राह तब पकड़ता है,जब उनकी सुरक्षा के प्रति पुलिस लापरवाह हो जाती है. प्रतिरोध मार्च में मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, जयदेव सान्याल, तैलिक वैश्य संघ के अध्यक्ष अजय साह, मारवाड़ी युवा मंच के सचिव श्रीराम बजाज, विजय नेमानी, संजय सिंह राठौड़, श्रवण बजाज, राकेश मालाकार, संतोष साह, श्रवण साह, पंकज जायसवाल, छोटू केसरी, ॠषभ, रामचंद्र केसरी, संजीत साह, कृष्ण मोहन पोद्दार, आलोक आर्यन आदि शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >