बेगूसराय के सिकंदरपुर में 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या,बगीचे में बंधे हाथ-पैर के साथ मिला शव

बेगूसराय के सिकंदरपुर में 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. शव बगीचे में हाथ-पैर बंधे हालत में मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Begusarai News : बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में मंगलवार की रात 24 वर्षीय युवक राहुल कुमार की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. हत्या के बाद उसका शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक बगीचे में फेंक दिया गया. बुधवार को शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सिकंदरपुर निवासी रामप्रताप राय के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है.

बगीचे में शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. राहुल के हाथ-पैर बंधे हुए थे. उसकी पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर लाठी-डंडे और चाबुक से पिटाई के गहरे निशान मिले हैं. घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस को प्रथम दृष्टया आशंका है कि राहुल को पहले बंधक बनाया गया और फिर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. अत्यधिक मारपीट के कारण उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है.

मामले की जांच करते हुए सदर डीएसपी वन

नशे के कारोबार से जुड़े लोगों का रहता था जमावड़ा

ग्रामीणों के अनुसार जिस बगीचे में राहुल का शव मिला है, वहां अक्सर गांजा, स्मैक और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के अलावा नशा करने वालों का जमावड़ा रहता है. इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर राहुल के साथ इसी जगह मारपीट की गई और फिर शव को वहीं छोड़ दिया गया.

हालांकि पुलिस अभी हत्या के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. घटना में शामिल लोगों की भूमिका और हत्या के पीछे की वजह की जांच की जा रही है. पुलिस पारिवारिक विवाद से लेकर संभावित आपराधिक और अवैध कारोबार से जुड़े विवाद तक सभी पहलुओं को खंगाल रही है.

छोटे भाई से विवाद के बाद हत्या, घर से मिला फरार

ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक राहुल कुमार नशे का आदी था और पहले चोरी के दो मामलों में जेल भी जा चुका था. वहीं उसके छोटे भाई के बारे में भी ग्रामीणों ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े होने की बात कही है.

बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले राहुल का अपने छोटे भाई से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद राहुल की हत्या कर दी गई. पुलिस जब घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर स्थित राहुल के घर पहुंची तो उसका छोटा भाई वहां नहीं मिला और घर से फरार था.

छोटे भाई के फरार मिलने के बाद पुलिस की जांच का एक एंगल पारिवारिक विवाद की ओर भी गया है. हालांकि पुलिस फिलहाल किसी व्यक्ति को आरोपी नहीं बता रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राहुल की हत्या आपसी विवाद के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक वजह थी.

टॉर्च और मोबाइल की रोशनी में पुलिस ने खंगाला बगीचा

घटना की सूचना मिलते ही सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय, मुफस्सिल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार गौतम और थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. रात का अंधेरा होने के कारण पुलिस अधिकारियों और जवानों ने टॉर्च और मोबाइल फ्लैश की रोशनी में बगीचे के आसपास छानबीन की.

पुलिस ने घटनास्थल को क्राइम सीन टेप से घेरकर सुरक्षित कर दिया. संभावित साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया. फॉरेंसिक टीम के स्तर से भी मौके से साक्ष्य एकत्र करने की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए. पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और शरीर पर लगी चोटों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.

डीएसपी बोले, सभी पहलुओं पर जांच जारी

सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद और मारपीट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. मृतक और उसके परिवार की पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.

उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल राहुल की हत्या के बाद सिकंदरपुर गांव में कई सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि राहुल को बगीचे तक कौन लेकर गया, उसके हाथ-पैर किसने बांधे और आखिर किस वजह से उसके साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की गई. पुलिस की जांच, फॉरेंसिक साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अब इस हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >