बेगूसराय में शादी की खुशियां मातम में बदलीं,हर्ष फायरिंग में युवक को लगी दो गोलियां,पुलिस जांच में जुटी

बेगूसराय जिले के हरपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में 45 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली लगने से समारोह में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Begusarai News : जिले के रिफाइनरी थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की एक और घटना सामने आई है. हरपुर गांव में बेटी की शादी के दौरान चली गोली से 45 वर्षीय एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.

बारात के दौरान अचानक शुरू हुई फायरिंग

जानकारी के अनुसार, हरपुर गांव निवासी प्रवीण सिंह की पुत्री के विवाह समारोह में भागलपुर से बारात आई थी. देर रात बारात दरवाजे की ओर बढ़ रही थी. इसी दौरान बाबा स्थान के समीप अचानक फायरिंग शुरू हो गई. फायरिंग के दौरान भीड़ में मौजूद विपिन सिंह को दो गोलियां लग गईं. एक गोली उनकी कमर और दूसरी जांघ में लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.

शादी समारोह में मची अफरा-तफरी

गोली चलने की घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. शुरुआत में लोगों ने इसे पटाखे या बम फटने की आवाज समझा, लेकिन अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने पुष्टि की कि विपिन सिंह को गोली लगी है.

आईसीयू में चल रहा इलाज, ऑपरेशन की तैयारी

परिजनों ने घायल को तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है. चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन कर गोली निकाली जाएगी. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर, लेकिन गंभीर बनी हुई है.

किसी से नहीं थी कोई दुश्मनी

परिजनों ने बताया कि विपिन सिंह का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं है. वह पहले हरपुर चौक पर पान एवं कोल्ड ड्रिंक की दुकान चलाते थे, लेकिन लगातार चोरी की घटनाओं के कारण दुकान बंद कर रिफाइनरी क्षेत्र में मजदूरी करने लगे थे. उनके दो पुत्र हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच, वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सदर-2 डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति अस्पताल पहुंचीं और परिजनों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शादी समारोह की वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, ताकि फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके. मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है.

Also Read : बाल सुरक्षा मजबूत करने की पहल : नालंदा में सहायक भर्ती के 30 पदों पर निकली वैकेंसी, प्रति केस 9000 रुपये तक मानदेय ; 20 जुलाई तक करें आवेदन



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >