बेगूसराय में स्मार्ट बस टर्मिनल समेत तीन बड़ी परियोजनाओं का DPR होगा तैयार, एजेंसियों का चयन

Begusarai News: बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए तीन बड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी मिल गई है. एकीकृत कमांड और नियंत्रण प्रणाली, भव्य प्रशासनिक व व्यावसायिक भवन, और स्मार्ट बस टर्मिनल के निर्माण के लिए DPR तैयार करने वाली एजेंसियों का चयन कर लिया गया है. इन योजनाओं से शहर का कायाकल्प होगा और निगम की आय भी बढ़ेगी.

Begusarai News: बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र के आधुनिक विकास को लेकर एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है.. नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार की अध्यक्षता में अर्बन फंड चैलेंज से संबंधित बैठक में बेगूसराय से प्रस्तावित तीन बड़ी योजनाओं पर विमर्श होने से योजनाओं के क्रियान्वयन होने की आस जगी है. विमर्श के बाद विभाग ने तीनों बड़ी योजनाओं के डीपीआर तैयार करने और उनके व्यावहारिक क्रियान्वयन हेतु तकनीकी एजेंसियों का चयन कर लिया है. गुरुवार को संबंधित एजेंसी के कर्मियों ने बेगूसराय पहुंचकर प्रस्तावित योजनाओं की धरातलीय पड़ताल की है.

धरातल पर उतरेंगी योजनाएं

अधिकारियों ने बताया कि अगले तीन से पांच दिनों में चयनित तकनीकी एजेंसी संबंधित महत्वपूर्ण योजनाओं का फाइनल डीपीआर तैयार कर लेगी. इसके बाद सरकार स्तर से डीपीआर की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मिलने और निविदा (टेंडर) की प्रक्रिया पूरी होने पर ये सभी योजनाएं जल्द ही धरातल पर उतरती दिखेंगी. इन योजनाओं के पूरा होने से बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र का पूरा ढांचा पूरी तरह बदल जाएगा और यह एक मॉडल शहर के रूप में विकसित होगा.

करोड़ों की तीन बड़ी योजनाएं

नगर निगम द्वारा प्रस्तावित व विभाग द्वारा चयनित की गई मुख्य योजनाओं में 142 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि से एकीकृत कमांड और नियंत्रण प्रणाली सह बहुउपयोगिता वाणिज्यिक परिसर का निर्माण शामिल है. इसके अलावा 198 करोड़ रुपये की भारी राशि से वर्तमान नगर निगम कार्यालय की तीन एकड़ उपलब्ध भूमि पर भव्य प्रशासनिक भवन एवं आधुनिक व्यावसायिक भवन का निर्माण कार्य और 42.49 करोड़ रुपये की राशि से एकीकृत स्मार्ट बस टर्मिनल का निर्माण प्रस्ताव शामिल है.

निगम की बढ़ेगी आय

नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने चयनित एजेंसी के प्रतिनिधियों को इन प्रोजेक्ट्स के माध्यम से नगर निगम की आंतरिक आय बढ़ाने व आम नागरिकों को बेहतर विश्वस्तरीय सुविधा दिलाने की अपार संभावनाओं से अवगत कराया है. उन्होंने कहा कि व्यावसायिक भवनों और स्मार्ट बस टर्मिनल के निर्माण से जहां एक तरफ नगर निगम के राजस्व में गुणात्मक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, वहीं दूसरी तरफ शहरवासियों को एक ही छत के नीचे कई आधुनिक नागरिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी.

जोधपुर और मुंबई की एजेंसियां

परियोजनाओं के लिए चयनित तकनीकी फर्मों का ब्योरा देते हुए बताया गया कि एकीकृत स्मार्ट बस टर्मिनल के डीपीआर तैयार करने के लिए 'मेसर्स बीएलजी कंस्ट्रक्शन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, जोधपुर (राजस्थान)' का चयन किया गया है. वहीं, एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण प्रणाली सह बहुउपयोगिता वाणिज्यिक परिसर तथा नगर निगम कार्यालय की तीन एकड़ भूमि पर प्रशासनिक व व्यावसायिक भवन निर्माण के डीपीआर हेतु 'मेसर्स चॉइस कंसलटेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई (महाराष्ट्र)' को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण

आयुक्त समेत निगम के आला पदाधिकारियों ने तकनीकी टीम के साथ बैठक कर नगर निगम द्वारा पूर्व में तैयार किए गए संभावना प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा की. इसके बाद सभी सदस्यों ने तीनों योजनाओं के चिन्हित स्थलों का सघन निरीक्षण किया. मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी राजीव कुमार, यातायात उपाधीक्षक रंजीत कुमार, उप नगर आयुक्त ओसामा इब्न मंसूर, एजेंसी प्रतिनिधि अंजन नायक, राजेश कुमार, नगर प्रबंधक अभय कुमार निराला, सहायक अभियंता रामकुमार उत्तम, विवेक शानू, कुमार सौरभ व अन्य उपस्थित थे.

Also Read: बेगूसराय: रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, बरौनी होकर चलने वाली कई स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin kumar mishra

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >