Begusarai News : (विकाश मिश्रा) बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 18 वर्षीय युवती को पड़ोस में रहने वाली महिला द्वारा दांत दर्द के इलाज का बहाना बनाकर घर से बाहर ले जाने और फिर साजिश के तहत होटल के कमरे में बंधक बनाने का आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है.
होटल के कमरे में पहले से मौजूद थे दो युवक
पीड़िता के परिजनों के अनुसार पड़ोसन पिंकी देवी युवती को इलाज कराने के नाम पर समस्तीपुर के दलसिंहसराय लेकर गई थी. आरोप है कि वहां एक होटल के कमरे में पहले से दो युवक मौजूद थे. युवती ने जब विरोध किया तो उसे डराया-धमकाया गया और बदनामी का भय दिखाकर करीब एक घंटे तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया.
घर लौटकर युवती ने सुनाई आपबीती
किसी तरह घर लौटने के बाद युवती ने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना अपनी नानी को बताई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार वालों के होश उड़ गए और गांव में मामला फैल गया. इसके बाद परिजन पंचायत के जरिए बातचीत करने पहुंचे.
मुख्य आरोपी पर परिवार को धमकाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान मुख्य आरोपी सन्नी चौधरी पीड़िता के घर पहुंच गया और पूरे परिवार को धमकाने लगा. घटना से नाराज ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाना पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए पिंकी देवी और सन्नी चौधरी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं तीसरे आरोपी सूरज कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है.
बड़े गिरोह से जुड़े होने की भी आशंका
जांच के दौरान यह चर्चा भी सामने आई है कि आरोपी महिला पहले भी गांव की लड़कियों को बहाने से बाहर ले जाती थी. यदि यह आरोप सही साबित होता है तो मामला किसी बड़े नेटवर्क या गिरोह से जुड़ा हो सकता है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
गांव में दहशत, लोगों में भारी नाराजगी
घटना के बाद गांव में गुस्सा और भय का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब पड़ोसियों पर ही भरोसा टूटने लगे तो समाज किस दिशा में जा रहा है.
