Begusarai News: (विकाश मिश्रा) बेगूसराय के बखरी में खेती को आधुनिक और कम लागत वाला बनाने की दिशा में बखरी प्रखंड के मलकुआ गांव में सोलर आधारित सिंचाई योजना की पहल शुरू की गई है. विशाल जीविका महिला ग्राम संगठन, मलकुआ में लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये की लागत से सोलर सिंचाई प्रणाली स्थापित करने की योजना पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान परियोजना के लिए उपयुक्त स्थान का भी चयन किया गया हैं.
बैठक में जीविका समूह की महिलाओं, किसानों एवं संबंधित संस्था के प्रतिनिधियों ने योजना के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया हैं. बताया गया कि सोलर सिंचाई व्यवस्था शुरू होने से किसानों को कम खर्च में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. इससे विशेष रूप से सब्जी उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और खेती अधिक लाभकारी बन सकेगी.
राटन उपमुखिया सह जीविका से जुड़े किसान अजीत कुमार ने कहा कि डीजल और बिजली आधारित सिंचाई के बढ़ते खर्च के कारण खेती लगातार महंगी होती जा रही है. ऐसे में सोलर सिंचाई प्रणाली किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगी. इससे सिंचाई खर्च में कमी आने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.
प्रदान संस्था के सहयोग से लगेगी परियोजना
जानकारी के अनुसार यह सोलर सिंचाई परियोजना “प्रदान” संस्था के सहयोग से स्थापित की जाएगी. संस्था के अभिषेक कुमार एवं आरिफा फारूखी ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण किसानों, खासकर महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ना है.
महिला ग्राम संगठन की सदस्य क्रांति देवी ने उम्मीद जताई कि योजना शुरू होने के बाद गांव में सालभर सब्जी उत्पादन संभव हो सकेगा। इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
ग्रामीणों ने इस पहल को खेती के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव कहा
ग्रामीणों ने इस पहल को खेती के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव बताते हुए कहा कि यदि यह मॉडल सफल रहा तो आसपास के गांवों में भी सोलर सिंचाई परियोजना लागू करने की मांग उठेगी.
बैठक में जीविका सीएम निशा देवी, सरिता देवी, फूलों देवी, भीआरपी पुष्पा देवी, अंजू देवी, रानी देवी, अहिल्या देवी, नीलम देवी, सुनीता देवी, अनीता देवी, संबुजा देवी, शिवो देवी, रीता देवी समेत कई महिलाएं और किसान मौजूद रहे.
Also Read: बक्सर चेकपोस्ट से कोयला लदा ट्रक गायब, डीटीओ-होमगार्ड आमने-सामने वायरल ऑडियो ने खोली पोल
