बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai News : लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़े बेगूसराय जिले के पंचवीर–साहेबपुरकमाल मुख्य मार्ग की समस्या के समाधान की दिशा में आखिरकार पहल शुरू हो गई है. पिछले लगभग दो वर्षों से यह सड़क बदहाल स्थिति में थी. जिसके कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जलजमाव, गड्ढों और टूटे हिस्सों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं. कई वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते थे, जबकि अनेक लोग दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हुए हैं. सड़क की बदहाली को लेकर क्षेत्रवासियों में लगातार नाराजगी बनी हुई थी.
जर्जर सड़क की समस्या दूर करने के लिए शुरू हुआ नाला निर्माण कार्य
इस गंभीर समस्या को लेकर साहेबपुरकमाल प्रखंड संघर्ष समिति ने पिछले दो महीनों से लगातार प्रयास किया. समिति के सदस्यों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष मामले को मजबूती से उठाया तथा सड़क की दुर्दशा से लोगों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से रखा. लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम यह हुआ कि अब इस मार्ग पर नाला निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. स्थानीय लोगों का मानना है कि नाला बनने से जलनिकासी की समस्या दूर होगी और सड़क को क्षति पहुंचने की संभावना भी कम होगी. इससे आने वाले दिनों में सड़क की स्थिति में सुधार होने तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है.
नाला निर्माण के बाद सड़क सुधार पर टिकी लोगों की निगाहें
क्षेत्रवासियों ने नाला निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह संघर्ष और जनदबाव का सकारात्मक परिणाम है. लोगों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग जल्द ही सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य भी पूरा कराएगा, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
Also Read : TRE-4 से 20 हजार शिक्षकों की होगी बहाली, शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी
