Begusarai News: बेगूसराय नावकोठी प्रखंड के पहसारा पूर्वी पंचायत स्थित अकहा ररिऔना प्लस टू स्कूल में आयोजित मंडे मेगा क्विज प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को मंगलवार को सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मेडल और कलम देकर पुरस्कृत किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला.
शिक्षा विभाग के निर्देश पर हुआ आयोजन
स्कूल के हेडमास्टर सरोज कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्रों के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाती है. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की बौद्धिक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना है.
कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. मूल्यांकन के बाद प्रत्येक कक्षा से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 12 छात्रों को सम्मानित किया गया. पुरस्कार पाकर बच्चों ने खुशी जताई और अगली प्रतियोगिता में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया.
इन छात्रों ने मारी बाजी
कक्षा 10वीं में मोहित कुमार ने प्रथम, आदित्य कुमार ने द्वितीय तथा सिदरा परवीन और राहत परवीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं कक्षा 9वीं में अदिति और नीशू प्रथम, चंदा कुमारी द्वितीय तथा आलिया, मोनिका और बुसरा परवीन ने तृतीय स्थान हासिल किया.
शिक्षकों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
इस मौके पर गाइड टीचर दर्शन कुमार, संयोजक अभिमन्यु कुमार तथा यूथ क्लब के नोडल शिक्षक मनीष कुमार समेत कई शिक्षकों ने बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया. शिक्षकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं.
ALSO READ: पटना में गंगा नदी में डूबकर तीन युवकों की मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा
