बेगूसराय: बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से मैट्रिक की छात्रा की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

बेगूसराय जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करने गई 14 वर्षीय छात्रा आयुषी कुमारी की गहरे पानी में जाने से मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

Begusarai News: बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानंदपुर पंचायत के पबड़ा ढाब स्थित बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 14 वर्षीय छात्रा आयुषी कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई. मृतका पबड़ा ढाब निवासी नवीन कुमार सिंह की पुत्री थी और वर्ष 2027 की मैट्रिक परीक्षा की तैयारी कर रही थी. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों में कोहराम मच गया है.

मंगलवार से थी लापता, नदी तट पर चप्पल मिलने से हुआ संदेह

पीड़ित परिजनों ने बताया कि आयुषी मंगलवार को घर से पढ़ाई के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, परंतु कोई सुराग नहीं मिला. बुधवार की सुबह जब स्थानीय ग्रामीण पबरा नदी घाट के समीप खेत में घास काटने गए, तो वहां किनारे पर छात्रा की हवाई चप्पल दिखाई दी. चप्पल देखकर परिजनों को नदी में डूबने की आशंका हुई.

स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों की मदद से बरामद हुआ शव

घटना की सूचना तुरंत पुलिस और स्थानीय गोताखोरों को दी गई. काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर 'लाल दियारा' के पास नदी के पानी में तैरता हुआ छात्रा का शव स्थानीय मछुआरों ने देखा. शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. छात्रा को जानने वाले लोगों ने बताया कि वह पढ़ने में काफी मेधावी और शालीन स्वभाव की थी.

प्रशासनिक टीम ने लिया जायजा, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की जानकारी मिलते ही बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीओ सह आपदा प्रबंधन पदाधिकारी भाई वीरेंद्र और थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. मौके पर पहुंचे पंचायत के मुखिया दीपक कुमार, पूर्व पंसस अजय झा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आपदा प्रबंधन के तहत जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >