Begusarai News: भगवानपुर के महेशपुर उच्च विद्यालय में ऊर्जा संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

भगवानपुर के उच्च माध्यमिक विद्यालय महेशपुर में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ. विद्यार्थियों को पेट्रोल, डीजल और बिजली बचत के महत्व की जानकारी दी गई.

Begusarai News:(मृत्युंजय कुमार की रिपोर्ट) उच्च माध्यमिक विद्यालय महेशपुर में ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पेट्रोल, डीजल और बिजली की बचत के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा दैनिक जीवन में ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया गया.

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती ऊर्जा खपत और प्रदूषण आज के समय की गंभीर समस्या बन चुकी है. इससे बचाव के लिए लोगों को अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना चाहिए. निजी वाहनों के अत्यधिक प्रयोग से ईंधन की खपत बढ़ती है और पर्यावरण प्रदूषित होता है.

विद्यार्थियों को साइकिल के उपयोग के फायदे बताते हुए कहा गया कि साइकिल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.

ऊर्जा संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी

संकुल संचालक संजीव कुमार चौधरी ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है. छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर देश की बड़ी ऊर्जा बचत में योगदान दिया जा सकता है.

समन्वयक प्रकाश रंजन राय ने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है. नई पीढ़ी यदि अभी से ऊर्जा बचत की आदत अपनाएगी तो भविष्य सुरक्षित और स्वच्छ बनेगा.

एलईडी और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील

प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार साह ने विद्यार्थियों को अनावश्यक बिजली उपयोग से बचने, एलईडी बल्ब अपनाने और सार्वजनिक परिवहन के प्रति जागरूक रहने की अपील की. कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के बीच मेलोडी टॉफ़ी का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया.

इस अवसर पर शिक्षक राजीव कुमार, सौरभ कुमार, अमितेश कुमार, शशि, गोविंद कुमार, सतीश कुमार साह, विनोद कुमार, संगीत शिक्षक सुशील कुमार “शक्ति”, शिक्षिका ब्यूटी कुमारी एवं पूजा कुमारी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: 961 करोड़ की लागत से किऊल-झाझा के बीच बनेगी तीसरी नई रेल लाइन, मोदी सरकार की बिहार को सौगात

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >