Begusarai News: (विपिन कुमार) बेगूसराय जिले के 18 प्रखंडों के कुल 24 ग्राम पंचायतों में मंगलवार को प्रथम सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जन शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निवारण सुनिश्चित करना था.
प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव ने किया शुभारंभ
बरौनी प्रखंड अंतर्गत पिपरा देवस पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन सहकारिता विभाग, बिहार सरकार के मंत्री सह बेगूसराय प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
इस अवसर पर तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष सहित कई जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
10 दिनों में शिकायतों के निपटारे का लक्ष्य
जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों की सुनवाई की गई. प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का 10 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक पंचायत के लिए जिला स्तर से वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी.
जिले के सभी 24 पंचायतों में आयोजित शिविरों की अध्यक्षता अलग-अलग वरीय पदाधिकारियों द्वारा की गई.
पिपरा देवस पंचायत में मिले 113 आवेदन
पिपरा देवस पंचायत में शिविर शुरू होने से पहले विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 113 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनके समयबद्ध निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया.
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
सहयोग शिविरों को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया. लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखकर समाधान की उम्मीद जताई. जिला प्रशासन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य गांव स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े.
Also Read: नवादा में आज: शहर में आज का कार्यक्रम, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, जानिए एक क्लिक में
