Begusarai News (दानिश इकबाल) : बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमपुर पंचायत का कोरजाना गांव इन दिनों सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहा है. जानकारी के अनुसार, बीते दिसंबर 2025 में इसी गांव की एक युवती की तस्वीर हथियार लहराते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी. इस घटना के लगभग पांच महीने बाद अब एक बार फिर इसी गांव के एक युवक की तस्वीर अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हुई है, जिसकी इलाके में खूब चर्चा हो रही है. हालांकि, प्रभात खबर इस वायरल तस्वीर की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.
सूत्रों के मुताबिक, यह तस्वीर विक्रमपुर पंचायत के कोरजाना गांव निवासी रामेश्वर महतो के पुत्र गुलशन कुमार की है. उसने बीते 21 मई को अपने ही फेसबुक अकाउंट के माध्यम से हथियार के साथ अपनी तस्वीर साझा की थी, जो अब वायरल हो रही है. इस नई तस्वीर ने स्थानीय लोगों के बीच पुरानी यादें ताज़ा कर दी हैं.
पुलिसिंग पर खड़े हो रहे सवाल, लोगों में आक्रोश
इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिसिंग व्यवस्था में आई खामियों के कारण ही ऐसे तत्वों के हौसले बुलंद हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस का अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के साथ कथित तालमेल दिखता है, जिससे शराब माफिया खुलेआम घूमते हैं और ऐसे लोगों का थाने पर आना-जाना लगा रहता है. लोगों का कहना है कि पुलिस की इसी उदासीनता के कारण क्षेत्र में शराब की होम डिलीवरी हो रही है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि इलाके में पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है. अपराधियों और शराब माफियाओं के इस बढ़ते नेटवर्क के कारण सभ्य समाज के लोगों का जीना मुहाल होता जा रहा है.
सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाकर प्रशासन को चुनौती
विदित हो कि क्षेत्र में हत्या, लूटपाट सहित शादी-समारोहों के दौरान युवकों द्वारा हथियार का प्रदर्शन करना अब आम बात हो गई है. प्रशासनिक सख्ती के दावों के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं. अपराधी इस कदर बेखौफ हैं कि वे न सिर्फ हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि उसका वीडियो और फोटो इंटरनेट पर वायरल कर सीधे प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं. वर्तमान समय में त्योहारों या किसी खास मौके पर युवाओं द्वारा हथियार लहराते हुए पार्टी मनाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, हालांकि कई मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को जेल भी भेजा है.
मां-बाप झुलसने को विवश, सख्त कार्रवाई हो: मुखिया
इस संबंध में पूछे जाने पर विक्रमपुर पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के प्रदेश महासचिव रमेश सिंह ने वायरल तस्वीर पर गहरी नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि उक्त युवक बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखता है, लेकिन उसके सिर पर सनक सवार है. इसका नतीजा यह है कि पुत्र द्वारा खड़ी की गई इस मुसीबत की आग में उसके गरीब मां-बाप झुलसने को विवश हैं. मुखिया ने पुलिस प्रशासन से ऐसे तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
क्या कहती है पुलिस
इस बाबत पूछे जाने पर चेरिया बरियारपुर के थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बासु ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर की गहराई से जांच की जा रही है. जांचोपरांत मामले में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर विधि सम्मत आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: बिहार के 120 स्कूलों में होगी मिड डे मील की जांच, बच्चों के खाने के सैंपल लेकर परखी जाएगी गुणवत्ता
