बेगूसराय में अपराधी बेखौफ, एसबीआई सीएसपी संचालक से 2.50 लाख रुपये लूटे, जांच में जुटी पुलिस

Begusarai News: बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र में निंगा चौक स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) के संचालक उमाकांत पौद्दार से बाइक सवार दो अपराधियों ने 2 लाख 50 हजार रुपये लूट लिए. पीड़ित के साथ साल 2019 में भी सिंघौल थाना क्षेत्र में ऐसी ही लूट हो चुकी है.

Begusarai News: (बिपिन राज की रिपोर्ट) बरौनी थाना क्षेत्र के निंगा चौक पर स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक उमाकांत पौद्दार के साथ लूटपाट की एक बड़ी घटना सामने आई है. दो बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने बैग में रखे 2 लाख 50 हजार रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए. पीड़ित उमाकांत पौद्दार ने इस संबंध में बरौनी थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.

पीड़ित उमाकांत पौद्दार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह हरहर महादेव चौक स्थित एसबीआई की बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप शाखा (बीआरटी 03589) से दो लाख पचास हजार रुपये निकालकर अपने बैग में रखकर बाइक से निंगा स्थित ग्राहक सेवा केंद्र जा रहे थे. जैसे ही वह निंगा गांव के शिवरौना के पास पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने ओवरटेक करके उनकी बाइक को जबरन रोक दिया. जब तक वह कुछ समझ पाते, बाइक पर पीछे बैठा हेलमेट लगाया एक अपराधी उतरा और उनके हाथ से रुपयों भरा बैग झपट कर तेजी से भाग निकला. पीड़ित ने शोर मचाते हुए कुछ दूर तक अपराधियों का पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे.

प्राथमिकी दर्ज, फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी तुरंत बरौनी थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. बरौनी थानाध्यक्ष विकास कुमार रंजन ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर कांड संख्या-79/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है. अपराधियों की पहचान के लिए क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने की उम्मीद जताई है.

सीएसपी संचालक से पहले भी हो चुकी है छिनतई

पीड़ित सीएसपी संचालक उमाकांत पौद्दार ने बताया कि अपराधियों के निशाने पर वह पहले भी रह चुके हैं. इससे पहले साल 2019 में सिंघौल थाना क्षेत्र में भी अपराधियों ने उनके साथ 2 लाख 30 हजार रुपये की छिनतई की घटना को अंजाम दिया था. उनके साथ हुई यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे स्थानीय व्यवसायियों में असुरक्षा का माहौल है.

ALSO READ: रिशु श्री केस में बड़ा खुलासा, बढ़े हुए बिलों से फिक्स होता था 10% कमीशन, ईडी जांच में रोज खुल रहे नए राज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >