बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai News: बेगूसराय में रविवार की रात जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के समीप एनएच-31 फोरलेन पर दो स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि बारात में शामिल पांच लोग घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, बखरी थाना क्षेत्र के राटन गांव (वार्ड संख्या-5) निवासी राजकुमार पासवान के पुत्र सोनू कुमार की बारात रविवार रात सिंघौल के विनोदपुर जा रही थी. रात करीब साढ़े दस बजे बारात कई वाहनों से रवाना हुई थी. अधिकांश वाहन सुरक्षित विवाह स्थल पहुंच गए, लेकिन एक स्कॉर्पियो पीछे रह गई, जो अंग्रेजी ढाला के समीप केशावे स्थित नेक्सा शोरूम के पास दूसरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से सीधे टकरा गई.
पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. हादसे में बारात वाली स्कॉर्पियो के चालक खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र के रानी शकरपुरा निवासी 22 वर्षीय राजा कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. इसके अलावा बारात में शामिल विकास कुमार, ज्योतिष कुमार, प्रियांशु कुमार, प्रिंस कुमारी और लक्ष्मण पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें विकास कुमार और लक्ष्मण पासवान के सिर में गहरी चोटें आई हैं, जिनका इलाज बेगूसराय के निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी है.
दोस्त का जन्मदिन मनाकर सिमरिया जा रहे थे युवक
हादसे का दूसरा सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि दूसरी स्कॉर्पियो में सवार पोखरिया निवासी ऋषभ कुमार (24 वर्ष), सन्नी कुमार (24 वर्ष) और हिमांशु कुमार (22 वर्ष) की भी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि ये सभी दोस्त का जन्मदिन मनाने के बाद देर रात सिमरिया गंगा स्नान के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया. मृतक ऋषभ कुमार एसबीएस कॉलेज में बीए पार्ट-वन का छात्र था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था. वहीं सन्नी कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और एक्साइज थाना में निजी वाहन चालक के रूप में कार्यरत था. इन दोनों की असमय मौत से पूरे पोखरिया मोहल्ले के निवासियों की आंखें नम हैं.
दोनों गाड़ियों की रफ्तार थी 100 किलोमीटर से अधिक
इधर, जैसे ही दुर्घटना की भीषण सूचना राटन गांव पहुंची, वैसे ही शादी वाले घर की खुशियां पलभर में चीख-पुकार में बदल गईं. बारात में गए लोगों के परिजन अपनों की तलाश में बदहवास होकर इधर-उधर दौड़ने लगे, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने चारों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर सोमवार को परिजनों को सौंप दिया है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय दोनों वाहनों की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे से अधिक थी, जिसके कारण गाड़ियां असंतुलित होकर आपस में टकरा गईं. सिंघौल थाना पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना ही इस भीषण दुर्घटना की मुख्य वजह है और मामले की कानूनी जांच जारी है.
Also Read: बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, दो स्कॉर्पियो की सीधी टक्कर में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत
