बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai News : बखरी थाना क्षेत्र के चकचनरपत वार्ड संख्या-6 में पारिवारिक विवाद के बाद 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्रारंभिक आशंका है कि युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है.
पति-पत्नी के विवाद के बाद बिगड़ी तबीयत
मृतक की पहचान स्व. मंगरू महतो उर्फ मांगो महतो के पुत्र श्रीराम राय के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार श्रीराम राय और उनकी पत्नी के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था. घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य सिमरिया गंगा स्नान के लिए गए हुए थे. इसी दौरान पति-पत्नी के बीच फिर कहासुनी हुई. आरोप है कि इसके बाद श्रीराम ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया.
अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
परिजनों ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर श्रीराम के छोटे बेटे ने दादी को इसकी सूचना दी. इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
तीन मासूम बच्चों के सामने संकट
मृतक की भाभी गीता देवी ने बताया कि घटना के बाद श्रीराम की पत्नी विभा अपने तीनों छोटे बच्चों को घर पर छोड़कर चली गई. पिता की मौत और मां के घर छोड़ने के बाद तीनों मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार और ग्रामीण चिंतित हैं. गांव के लोगों ने बताया कि श्रीराम राय शांत और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे. उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
बखरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने से मौत का प्रतीत होता है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर में 63वीं राष्ट्रीय राइफल्स का स्थापना दिवस समारोह का आयोजन, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
