Begusarai News (विकास मिश्रा): बेगूसराय जिले के बखरी नगर क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से नगर परिषद की मुख्यपार्षद प्रतिनिधि राजू कुशवाहा ने गन्ना उद्योग मंत्री सह स्थानीय विधायक संजय कुमार को अनुरोध पत्र सौंपकर दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की है. मुख्य पार्षद प्रतिनिधि ने अपने आवेदन में बताया कि पहली योजना के तहत सलौना बड़ी ठाकुरबाड़ी–सलौना पोखर–शकरपुर हाई स्कूल मार्ग का 16 फीट चौड़ीकरण प्रस्तावित है.
सड़क संकरी होने से परेशानी
वर्तमान में यह सड़क काफी संकरी होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. इस महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण से मुख्य बाजार पर यातायात का दबाव काफी कम होगा तथा शकरपुरा होते हुए रामपुर तक सुगम और सुरक्षित संपर्क स्थापित हो सकेगा. वहीं दूसरी योजना के अंतर्गत शकरपुरा कब्रिस्तान से बहादुरपुर पुलिया तक 20 फीट चौड़ी नई सड़क निर्माण की मांग पुरजोर तरीके से की गई है.
प्रशासनिक जरूरतों को मिलेगा आधार
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि ने बताया कि यह सड़क किसानों, ग्रामीणों एवं आम नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी. साथ ही प्रस्तावित बखरी कोर्ट परिसर एवं भविष्य की प्रशासनिक जरूरतों को भी यह नया मार्ग बेहतर आधार प्रदान करेगा. इधर मुख्य पार्षद गीता कुशवाहा ने कहा कि ये दोनों योजनाएं केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बखरी के आर्थिक, सामाजिक, कृषि एवं प्रशासनिक विकास की एक मजबूत आधारशिला साबित होंगी.
विकास को मिलेगी नई गति
उन्होंने उम्मीद जताई है कि जनहित से जुड़ी इन महत्वपूर्ण मांगों पर सरकार सकारात्मक पहल करेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी. वहीं राजू कुशवाहा ने कहा कि बखरी के समग्र विकास एवं आम जनता की सुविधा के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा. वे क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार आवाज उठाते रहेंगे और अधिकारियों से संपर्क साधे रखेंगे.
Also Read: सीमेंट लदे ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को कुचला, मौके पर मौत; भाई की हालत गंभीर
