Begusarai News : बिहार एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. 15 करोड़ 35 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में मुख्य आरोपी धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी पर देश के अलग-अलग राज्यों में 205 साइबर फ्रॉड के मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था. गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र कुमार बेगूसराय जिले के फूलवड़िया थाना क्षेत्र के शोकहरा गांव का रहने वाला है.
15.35 करोड़ की साइबर ठगी का आरोपी STF के शिकंजे में
एसटीएफ और साइबर थाना की संयुक्त कार्रवाई में उसे पटना से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार आरोपी साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा था और उसके खिलाफ देशभर के विभिन्न राज्यों में 205 शिकायतें दर्ज हैं. साइबर पोर्टल पर दर्ज मामलों के अनुसार आरोपी ने करीब 15 करोड़ 35 लाख 307 रुपये की ठगी की है.
बैंक खातों में मिले 15.75 करोड़ के लेन-देन के सबूत
जांच में सामने आया है कि आरोपी के बैंक खातों में करीब 15 करोड़ 75 लाख रुपये के लेन-देन के प्रमाण मिले हैं. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी. तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से साइबर ठगी के नेटवर्क और उसके सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
एसपी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, आरोपी भेजा गया न्यायिक हिरासत में
बेगूसराय एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा. साथ ही साइबर ठगी के शिकार लोगों को न्याय दिलाने के लिए जांच और कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
Also Read : बिहार : बेगूसराय के गढ़पुरा में बोरे में बंद मिली युवती की लाश, तेज दुर्गंध से हुआ खुलासा
