बेगूसराय में जिंदा मतदाता को वोटर लिस्ट में बताया मृत, पैक्स चुनाव से पहले मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर उठा सवाल

Begusarai News : पैक्स चुनाव से ठीक पहले बेगूसराय के साहेबपुरकमाल प्रखंड से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पंचवीर पैक्स की मतदाता सूची में एक जीवित व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया हैं.

Begusarai News : (विकाश मिश्रा) पैक्स चुनाव से ठीक पहले बेगूसराय के साहेबपुरकमाल प्रखंड से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पंचवीर पैक्स की मतदाता सूची में एक जीवित व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जिससे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

मतदान से पहले वोटर लिस्ट देखकर उड़ गए होश

प्रखंड क्षेत्र में 3 जून को पैक्स चुनाव के लिए मतदान होना है. चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद पंचवीर निवासी राजीव कुमार शर्मा ने मतदाता सूची का अवलोकन किया. सूची में अपने नाम के सामने “मृत” दर्ज देखकर वह हैरान रह गए, जबकि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और पिछले सभी चुनावों में मतदान करते रहे हैं.

जिंदा होते हुए भी कागजों में कर दिया मृत घोषित

राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि वह इस बार भी मतदान की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान जब उन्होंने मतदाता सूची देखी तो पता चला कि उन्हें मृत दिखाया गया है. इस गलती ने उन्हें न केवल चौंका दिया, बल्कि उनके संवैधानिक मतदान अधिकार पर भी संकट खड़ा कर दिया.

अधिकारियों को भेजी शिकायत, मांगा तत्काल सुधार

मामले की जानकारी मिलते ही राजीव कुमार शर्मा ने प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ रवि सिन्हा से संपर्क करने का प्रयास किया. सीधे संपर्क नहीं हो पाने पर उन्होंने ई-मेल के माध्यम से उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजकर मतदाता सूची में सुधार की मांग की.

यह सिर्फ गलती नहीं, मतदान अधिकार का सवाल

पीड़ित मतदाता का कहना है कि यह केवल तकनीकी त्रुटि नहीं है, बल्कि एक नागरिक के संवैधानिक अधिकार से जुड़ा गंभीर मामला है. उन्होंने कहा कि ऐसी गलतियां चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं.

ग्रामीणों में नाराजगी बना चर्चा का विषय

मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि मतदाता सूची में इस तरह की गंभीर त्रुटियां मौजूद हैं तो अन्य पात्र मतदाताओं के अधिकार भी प्रभावित हो सकते हैं. घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.

बीडीओ बोले- मानवीय त्रुटि होगी जांच

प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ रवि सिन्हा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह मानवीय त्रुटि प्रतीत होती है. पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

मतदान से नहीं होंगे वंचित, प्रशासन ने दिया भरोसा

बीडीओ ने स्पष्ट किया कि संबंधित मतदाता को घबराने की जरूरत नहीं है. मतदान केंद्र पर पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद उन्हें मतदान का पूरा अधिकार दिया जाएगा. प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि उनका मताधिकार प्रभावित न हो.

मतदाता सूची की शुद्धता पर खड़े हुए बड़े सवाल

चुनाव से ठीक पहले सामने आई इस घटना ने मतदाता सूची के अद्यतन और सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं. अब लोगों की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और भविष्य में ऐसी गलतियों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं.

Also Read : शेखपुरा में संपत्ति के लिए बेटे ने बुजुर्ग मां-बाप को पीटकर घर से निकाला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Singh

विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >