बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र के चक्का गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतका की पहचान सोनी कुमारी, पति रूपेश कुमार पासवान के रूप में हुई है. घटना के बाद मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सोनी की हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
शादी के बाद बदला माहौल
जानकारी के अनुसार सोनी कुमारी का मायका बखरी थाना क्षेत्र के खखरुआ गांव में है. उसकी शादी 16 मई 2019 को हिंदू रीति-रिवाज से रूपेश कुमार पासवान के साथ हुई थी. परिजनों का कहना है कि शादी के शुरुआती कुछ साल तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा, लेकिन दूसरी बेटी के जन्म के बाद ससुराल का व्यवहार बदल गया.
बेटे की चाह में प्रताड़ना का आरोप
मृतका के भाई चंद्रशेखर पासवान ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को बेटा नहीं होने के कारण लगातार ताने दिए जाते थे. उसे लड़का पैदा करने को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. कई बार मारपीट और विवाद की घटनाएं भी हुईं. परिवार का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के कारण सोनी की जान चली गई.
हत्या कर फांसी का रूप देने का आरोप
मायके पक्ष ने साफ तौर पर आरोप लगाया है कि सोनी की हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया. उनका कहना है कि यह सीधा हत्या का मामला है, जिसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई है.
दो बेटियों को छोड़ गई मृतका
परिजनों ने बताया कि सोनी कुमारी अपने पीछे दो छोटी बेटियों को छोड़ गई है. इस घटना के बाद दोनों बच्चियों का भविष्य भी चिंता का विषय बन गया है. वहीं मृतका का पति सात भाइयों में पांचवें नंबर पर बताया जा रहा है.
पुलिस जांच में जुटी, रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही नावकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
प्राथमिकी की तैयारी, कार्रवाई का भरोसा
इधर मृतका के मायके वाले आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी में जुटे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आवेदन मिलते ही सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग इस मामले में जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं.
