Begusarai Jivika Didi Loan : जीविका दीदियों के आर्थिक सशक्तीकरण एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को यूको बैंक एवं जीविका के संयुक्त तत्वावधान में बेगूसराय के एक निजी होटल के सभागार में स्वयं सहायता समूह वित्तीय सशक्तीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम का उद्घाटन यूको बैंक के कृषि एवं ग्रामीण व्यवसाय विभाग के महाप्रबंधक प्रदीप आनंद केशरी, जीविका के राज्य परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार, अंचल प्रबंधक श्वेत प्रकाश, जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार एवं जीविका दीदियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों के बीच 101 करोड़ रुपये की ऋण राशि वितरित की गयी.
जीविका दीदियों को बिना परेशानी ऋण देने पर बैंक का जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूको बैंक के महाप्रबंधक प्रदीप आनंद केशरी ने कहा कि बैंक यह सुनिश्चित करेगा कि जीविका दीदियों को ऋण प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो. उन्होंने व्यक्तिगत ऋण की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया तथा अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की बात कही.
व्यक्तिगत उद्यम मजबूत करने और कम एनपीए की हुई सराहना
राज्य परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार ने कहा कि अब समूहों के साथ-साथ दीदियों के व्यक्तिगत उद्यम एवं व्यवसाय को मजबूत करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बेगूसराय में स्वयं सहायता समूहों का एनपीए राज्य में सबसे कम होना दीदियों के बेहतर वित्तीय अनुशासन को दर्शाता है.
Also Read : गिरिराज सिंह को मिली जान से मारने की धमकी, पत्र में लिखा- 'यू विल बी किल्ड शॉर्टली...'
उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों और बैंककर्मियों का सम्मान
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों, जीविकाकर्मियों एवं बैंककर्मियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में जीविकाकर्मी, बैंककर्मी एवं जीविका दीदियां उपस्थित रहीं.
