बेगूसराय में गंगा का रौद्र रूप, 24 घंटे में 32 सेमी बढ़ा जलस्तर; 5 वार्डों के 500 से ज्यादा घर बाढ़ की चपेट में

Begusarai Ganga Flood : बेगूसराय में गंगा नदी उफान पर है, 24 घंटे में जलस्तर 32 सेमी बढ़ गया है. नगर निगम के 5 वार्डों में बाढ़ का पानी घुसने से 500 से अधिक घर चपेट में आ गए हैं. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और मवेशियों को बचाने की जद्दोजहद जारी है.

Begusarai Ganga Flood : बेगूसराय जिले के हथीदह में 24 घंटे के अंदर गंगा नदी के जलस्तर में 32 सेमी की वृद्धि हो जाने से नगर निगम क्षेत्र के पांच वार्ड भी बाढ़ प्रभावित हो गये हैं और गंगा नदी के जलस्तर में और अधिक वृद्धि होने का ही संकेत मिल रहा है. जल स्तर में लगातार वृद्धि से शहर के पांच वार्ड के लगभग 500 से अधिक घर बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं.

वार्ड नंबर चार कैलाशपुर पुवारी टोला, वार्ड नंबर पांच कमरुद्दीनपुर पश्चिमी टोला के पश्चिमी भाग में बाढ़ का पानी घर-आंगन में घुस गया. वार्ड नंबर छह के मूसन टोल व नकटी क्षेत्र में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है.

वार्ड नंबर 17 के पसपुरा ढाला के दक्षिणी भाग बाढ़ प्रभावित हो चुका है, वार्ड नंबर 18 के लवहरचक, पीपरपाती, रविदास मोहल्ला, गिरी टोला, एकठवा टोला, दो खुट, पांच खुट, चार खुट, तीन खुट, राजा खुट, रजक टोला क्षेत्रों में आवास परिसर में पानी पहुंच चुका है.

कमरुद्दीनपुर में सड़क पार कर पहुंचा पानी, लोगों में मची अफरातफरी

जिस तरह से कमरुद्दीनपुर आकाशपुर मार्ग को पार कर गंगा का पानी वार्ड नंबर पांच कमरुद्दीनपुर में पहुंच रही है व गंगा नदी के जलस्तर में जिस तरह से बढ़ोतरी हो रही है, पूरे कमरुद्दीनपुर को ही बाढ़ के चपेट में आने का खतरा बढ़ गया है.

गुरुवार को देर शाम कमरुद्दीनपुर आकाशपुर सड़क को पार कर गंगा नदी का पानी धीरे-धीरे कमरुद्दीनपुर पछियारी टोला में पहुंचने लगा था. और जब शुक्रवार को सुबह जब लोग सोकर उठे तो लोगों के बीच काफी अफरातफरी मच गयी. आंगन में पानी चले आने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया.

मवेशियों के साथ बांध पर शरण लेने को मजबूर हुए पीड़ित

वार्ड नंबर 18 लवहरचक के लोगों में भी हाहाकार मचा हुआ है. लोग अपने घर के मवेशी को आंगन से खोलकर बांध और ऊंचे स्थानों पर ले जाने लगे हैं.

वहीं कुछ कच्ची घर वाले लोग बांध का भी शरण लेने लग गये हैं. कुछ लोग अपने घरों को छोड़कर अपने सगे संबंधियों के यहां शरण लेने की तैयारी कर रहें हैं अगर जलस्तर में वृद्धि होती रही तो घर-आंगन में लगे चापाकल भी डूबने लग जाएंगे.

खेत-खलिहान डूबे, पशुपालकों के समक्ष पशुचारा का गहराया संकट

बाढ़ का प्रभाव वार्ड नंबर छह के मूसन टोला पर भी पड़ गया है. मूसन टोला में भी सभी खेत-खलिहान तथा लगभग 100 घर बाढ़ प्रभावित हो गये हैं. वहीं वार्ड नंबर चार का आधा खेत-खलिहान वाला क्षेत्र बाढ़ प्रभावित हो चुका है.

Also Read : पिस्तौल दिखाकर बकरी व्यवसायी से 51 हजार की लूट, विरोध करने पर मारा चाकू; ग्रामीणों ने दो बदमाशों को दबोचा

पशुपालक किसानों के समक्ष पशुचारा का संकट खड़ा होने लगा है. इस वार्ड के लोगों की दिल की धड़कन बढ़ गयी है कि यदि इसी तरह गंगा का जलस्तर बढ़ता रहा तो लोगों के वास-आवास पर संकट मंडरा जाएगा.

लवहरचक मध्य विद्यालय के पास 200 घरों में घुसा पानी

वार्ड नंबर 17 पसपुरा बांध के निकट भी पानी पहुंच चुका है. इन क्षेत्रों में बाढ़ का पानी खलिहानों में चले आने से पालतू जानवर के चारा तथा रखरखाव का भी संकट गहरा गया है. वार्ड नंबर 18 लवहरचक मध्य विद्यालय के पास वाला मोहल्ले में भी घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है. लगभग 200 घर बाढ़ से प्रभावित हो गये हैं.

लवहरचक में डूबा विद्यालय | Prabhat Khabar Network

गंगा का जलस्तर यदि इसी रफ्तार से बढ़ता गया तो इन क्षेत्रों की स्थिति और भी बदतर बन सकती है. प्राय: हर वर्ष यहां नगर निगम के इन पांच वार्ड के लोग बाढ़ की पीड़ा झेलने को मजबूर हैं. शहर के पांच वार्डों में घुसे गंगा नदी के पानी में और अधिक वृद्धि के संकेत हैं और बचे हुए और भी घरों को बाढ़ की चपेट में आने की संभावना बन चुकी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विपिन कुमार मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >