Begusarai Gang Rape : (विकाश मिश्रा की रिपोर्ट) जिले में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 11 जून की रात पांच लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है और पुलिस अधीक्षक स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं.
पति को कमरे में बंद करने का आरोप
पीड़िता के अनुसार घटना के दौरान उसके पति को कमरे में बाहर से बंद कर दिया गया था. इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरन अपने कब्जे में लेकर दुष्कर्म किया. महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई और उसे चोटें पहुंचाई गईं.
स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद मामला आया सामने
महिला ने बताया कि घटना के कुछ दिनों बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और असहनीय दर्द होने लगा. इसके बाद उसने चिकित्सकीय जांच कराई. मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है.
एसपी कर रहे मामले की निगरानी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष स्वयं मामले की जांच कर रहे हैं. पुलिस विभिन्न पहलुओं से पूरे मामले की पड़ताल कर रही है. मेडिकल जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्याय की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा रही है और सभी बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : असम में शहीद वायुसेना अधिकारी शुभम कुमार के मुआवजे पर पिता ने उठाया सवाल, बोले- माता-पिता के अधिकारों की भी हो रक्षा
