Begusarai Gang Rape : (बिपिन राज) बेगूसराय के सिमरिया घाट बिंदटोली में एक विवाहित महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. चकिया थाना पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर नामजद आरोपी सूरज कुमार के घर इश्तेहार चिपकाया. पुलिस का कहना है कि तय समय के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करने पर आरोपी की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.
Begusarai News : गैंगरेप मामले में अब भी फरार हैं कई आरोपी
जानकारी के अनुसार सिमरिया घाट बिंदटोली में एक शादीशुदा महिला के साथ पांच लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया था. पीड़िता की शिकायत पर 13 जून को चकिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे.
गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था. टीम लगातार विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस की कार्रवाई में अब तक एक नामजद आरोपी नीतीश कुमार और एक अप्राथमिक अभियुक्त अमर निषाद उर्फ मक्का मदीना को गिरफ्तार किया जा चुका है.
फरार आरोपी सूरज कुमार के घर चिपकाया गया इश्तेहार
मामले में नामजद आरोपी सूरज कुमार की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने कोर्ट से इश्तेहार जारी करने का अनुरोध किया था. न्यायालय से आदेश मिलने के बाद मंगलवार को पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर दरवाजे पर इश्तेहार चिपका दिया.
Begusarai Crime News: सरेंडर नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इश्तेहार चिपकाने के बाद भी यदि आरोपी कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है.
पुलिस टीम की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई
इश्तेहार तामिला की कार्रवाई के दौरान नगर पर्यवेक्षिका कुमारी अर्चना सिन्हा, एसआई अभिराम झा, सब इंस्पेक्टर रीना कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे. पुलिस ने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.
