Begusarai Extortion Case : बेगूसराय जिले के मटिहानी थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने, अपहरण का प्रयास करने और मारपीट के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 6,950 रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि एक आरोपी रतनपुर निवासी टाइगर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.
घटना सोमवार की रात करीब 9 बजे की है, जब नगर थाना क्षेत्र के विशनपुर चांदनी चौक निवासी 35 वर्षीय अर्जुन साह (पिता - स्व. प्रभुदयाल साह) हरहर महादेव चौक स्थित एक चाय दुकान पर मौजूद थे.
Also Read : गया जी के डुमरिया में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन, जंगल से AK-47 मैगजीन समेत कई कारतूस बरामद
इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच व्यक्ति आए और उनसे 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की. पैसे देने से मना करने पर आरोपी उन्हें जबरन बाइक पर बिठाकर रामदीरी भवानंदपुर की झाड़ी में ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई और 7 हजार रुपये लूट लिए.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
अपहरण के दौरान पीड़ित द्वारा शोर मचाए जाने पर मटिहानी पुलिस को तुरंत सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर पीड़ित की जान बचाई और मौके से चार लोगों को दबोच लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों में आशीष कुमार उर्फ मनीष कुमार, निलेश कुमार, सोनी कुमार और कन्हैया कुमार शामिल हैं.
लेनदेन से जुड़ा विवाद और पृष्ठभूमि
हालांकि, स्थानीय लोगों के अनुसार यह मामला लेनदेन से भी जुड़ा है, जहां आरोपी आशीष कुमार ने पीड़ित अर्जुन साह को काम के सिलसिले में 10,000 रुपये एडवांस दिए थे और उसे वापस न लौटाने पर विवाद हुआ था.
Also Read : बिहार के एक शिक्षक के चार बेटों ने रचा इतिहास, NEET क्वालीफाई कर बने डॉक्टर
मामला दर्ज और कानूनी कार्रवाई
फिलहाल पीड़ित के आवेदन पर मटिहानी थाने में कांड संख्या 186/26 दर्ज कर लिया गया है. एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
