बेगूसराय को प्रमंडल बनाने की मांग तेज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा गया ज्ञापन

प्रमंडल बनाओ अभियान समिति ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर बेगूसराय को अविलंब प्रमंडल घोषित करने की मांग की है. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को उनके पूर्व के आश्वासनों की याद दिलाई और औद्योगिक व शैक्षणिक विकास के लिए इस कदम के महत्व पर प्रकाश डाला.

बेगूसराय: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बेगूसराय आगमन के दौरान प्रमंडल बनाओ अभियान समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गांधी स्टेडियम में उनसे मुलाकात कर बेगूसराय को शीघ्र प्रमंडल घोषित करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को उनके पूर्व में दिए गए आश्वासन की भी याद दिलाई.

पूर्व आश्वासन का दिलाया गया स्मरण

समिति के संयोजक दिलीप कुमार सिन्हा, अध्यक्ष आलोक कुमार अग्रवाल एवं कोर कमेटी सदस्य डॉ. संजय कुमार ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि उलाव हवाई अड्डा परिसर में उन्होंने स्वयं कहा था कि बेगूसराय आधा प्रमंडल बन चुका है और इसे पूर्ण प्रमंडल बनाने की दिशा में पहल की जाएगी. प्रतिनिधिमंडल ने उसी आश्वासन को जल्द पूरा करने की मांग की.

औद्योगिक राजधानी होने का दिया हवाला

ज्ञापन में कहा गया कि बेगूसराय बिहार की औद्योगिक राजधानी है और राज्य में सर्वाधिक राजस्व देने वाले जिलों में अग्रणी है. ऐसे में बेगूसराय को प्रमंडल का दर्जा मिलने से क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक विकास को नई गति मिलेगी.

प्रमंडल बनने से मिलेंगी कई नई सुविधाएं

समिति ने कहा कि प्रमंडल बनने के बाद बेगूसराय में मेडिकल कॉलेज, एम्स, कृषि महाविद्यालय, मैनेजमेंट कॉलेज, विश्वविद्यालय, बिहार बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय तथा विभिन्न विभागों के प्रमंडलीय कार्यालय स्थापित होने का मार्ग प्रशस्त होगा. इसके अलावा पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा और प्रमंडलीय आयुक्त की नियुक्ति से प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक मजबूत होगी. इससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.

कई राजनीतिक नेताओं ने भी किया समर्थन

अभियान समिति की मांग का समर्थन करते हुए जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार पासवान, इंद्रजीत राय, राजेश कुमार सिन्हा, सुशील कुमार राय, नीरज कुमार एवं सिकंदर कुमार महतो ने भी मुख्यमंत्री को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर बेगूसराय को जल्द प्रमंडल घोषित करने की मांग दोहराई.

जल्द निर्णय लेने का किया आग्रह

समिति ने मुख्यमंत्री से बेगूसराय के औद्योगिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक महत्व को देखते हुए जिले को शीघ्र प्रमंडल का दर्जा देने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >