बेगूसराय में नाबालिग लड़की के अपहरण के बाद इकलौते भाई की हत्या, आक्रोशित परिजनों ने NH-31 किया जाम

बेगूसराय के रघुनाथपुर गांव में नाबालिग लड़की के अपहरण के बाद उसके इकलौते भाई की हत्या से सनसनी फैल गई है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने NH-31 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया, जिसमें सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।

Begusarai News: बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में नाबालिग लड़की के अपहरण के बाद उसके इकलौते भाई की हत्या का मामला सामने आया है. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को रघुनाथपुर गांव के समीप एनएच-31 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत शुरू की. करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों की पहल पर सड़क जाम समाप्त कराया गया.

घर से नाबालिग को किया अगवा

मृतक के परिजनों के अनुसार, 31 जुलाई की रात करीब तीन बजे गांव के ही एक आरोपी ने 15 वर्षीय नाबालिग लड़की का कथित रूप से अपहरण कर अपने घर में छिपाकर रखा था. परिजन आरोपी के घर पहुंचकर लड़की को वापस करने की गुहार लगाते रहे, लेकिन उसे वापस नहीं किया गया. इसके बाद थाने में शिकायत की गयी. पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर लड़की को बरामद किया और उसे थाने ले गयी. पुलिस लड़की का न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए बेगूसराय ले जा रही थी.

बेगूसराय जाते समय भाई की हत्या

लड़की का 20 वर्षीय भाई गोलू कुमार भी बाइक से बेगूसराय जा रहा था. उसकी मां के अनुसार, सोमवार करीब तीन बजे गोलू ने फोन कर बताया था कि वह बेगूसराय आ रहा है. कुछ देर बाद परिवार को सूचना मिली कि रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी गयी और शव को लाखो के समीप छोड़कर आरोपी फरार हो गये. मृतक की मां ने गांव के ही आरोपी पर बेटी के अपहरण के बाद उसके इकलौते बेटे की हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है.

गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम

हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर एनएच-31 जाम किया था. ग्रामीण गोरे लाल यादव, प्रमुख प्रतिनिधि मनीष राय समेत अन्य लोगों ने आक्रोशित लोगों को समझाया, जिसके बाद करीब एक घंटे में सड़क जाम समाप्त हुआ. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की वजह तथा आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है.

Also Read: बेगूसराय में कुएं से युवक का शव बरामद, एक दिन से था लापता; पुलिस जांच में जुटी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >