बेगूसराय सदर अस्पताल में मना बेटी जन्मोत्सव, 10 नवजात कन्याओं का हुआ ‘कन्या रत्न’ सम्मान

Begusarai Beti Janmotsav : बेगूसराय सदर अस्पताल में बेटी जन्मोत्सव सह कन्या रत्न सम्मान समारोह आयोजित किया गया. पिछले पांच दिनों में जन्मी 10 नवजात बेटियों को सम्मानित किया गया और उनकी माताओं को बेबी केयर किट प्रदान की गई. कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई.

Begusarai Beti Janmotsav : सदर अस्पताल बेगूसराय में मंगलवार को महिला एवं बाल विकास निगम की पहल पर बेटी जन्मोत्सव सह कन्या रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के जन्म का उत्सव मनाना, लैंगिक समानता का संदेश देना और समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था.

10 नवजात बेटियों का किया गया सम्मान

समारोह के दौरान पिछले पांच दिनों में जन्मी 10 नवजात बेटियों को ‘कन्या रत्न’ के रूप में सम्मानित किया गया. उनकी माताओं को बेबी केयर किट भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं. अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों ने भी इस पहल की सराहना की.

सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. उपस्थित महिलाओं को महिला हेल्पलाइन-181, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया.

बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश

वक्ताओं ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं. उन्हें बेहतर शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराकर ही सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है. साथ ही कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करने की अपील की गई.

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संकल्प दोहराया

कार्यक्रम के माध्यम से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में बेटियों के सम्मान, शिक्षा और समान अधिकार को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया गया.

इसे भी पढ़ें : बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर में 63वीं राष्ट्रीय राइफल्स का स्थापना दिवस समारोह का आयोजन, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >