बेगूसराय के बखरी नगर क्षेत्र के ऐतिहासिक शकरपुरा उच्च विद्यालय मैदान में बखरी क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में बेगूसराय और बखरी की टीमों के बीच एक दिवसीय क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ भाजपा नेता नीरज नवीन, भाजयुमो नगर अध्यक्ष गोविंद सिंह एवं खेल शिक्षक राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया.
खेल और 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना पर संबोधन
उद्घाटन के अवसर पर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता नीरज नवीन ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. बिहार सरकार युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना शुरू की है.
उन्होंने बखरी के युवा खिलाड़ियों से मेहनत और लगन के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा सरकार की इस योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को बेहतर मंच और उचित मार्गदर्शन मिले. ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है.
भाजयुमो नगर अध्यक्ष का संदेश और उपस्थित कार्यकर्ता
भाजयुमो नगर अध्यक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि युवाओं को खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए. नियमित खेलकूद से युवा शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं.
उन्होंने कहा कि भाजयुमो बखरी के खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है. इस आयोजन के दौरान नीरज कुमार, आकिब जावेद, विशाल मालाकार, पुष्पम कुमार, सोनू स्वर्णकार, मुकेश साहु, खुशलाल सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ता एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे और आयोजन को लेकर खिलाड़ियों तथा स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखा गया.
रोमांचक मुकाबला और बेगूसराय की जीत
तत्पश्चात मैच में बेगूसराय की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. निर्धारित 30 ओवर में बेगूसराय की टीम ने 208 रन बनाए. इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बखरी की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रयास किया, लेकिन टीम 28 ओवर में 197 रन ही बना सकी. इस तरह बेगूसराय ने बखरी को 11 रन से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया.
खिलाड़ियों का प्रदर्शन और दर्शकों की उपस्थिति
मैच के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. वहीं, इस मुकाबले को देखने के लिए खेलप्रेमियों की भी बड़ी संख्या मैदान में मौजूद रही, जिससे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन हुआ.
