Begusarai News : (नीरज कुमार की रिपोर्ट) बरौनी के निपनियां स्थित एनसीसी कैंप में रविवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर तंबाकू एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रैली निकाली गई. साथ ही सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
35वीं बिहार बटालियन एनसीसी, पूर्णिया द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-5) के तीसरे दिन आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 500 गर्ल्स एवं ब्वॉयज कैडेट्स ने भाग लिया. शिविर का संचालन एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, भागलपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अरुण उनियाल के दिशा-निर्देशन में किया जा रहा है.
तंबाकू और निकोटीन उत्पादों से दूर रहने की सलाह दी
इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन की थीम आकर्षण को बेनकाब करना : निकोटीन और तंबाकू की लत का मुकाबला के तहत कैंप कमांडेंट कर्नल उमेश छेत्री ने सभी सैन्य प्रशिक्षकों, पीआई स्टाफ तथा विभिन्न एनसीसी इकाइयों से आए कैडेट्स को तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों से दूर रहने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई.
कैडेट्स को संबोधित करते हुए कर्नल उमेश छेत्री ने कहा कि एक आदर्श सैनिक और एनसीसी कैडेट वही होता है जो शारीरिक एवं मानसिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ हो. तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थ युवाओं की ऊर्जा और क्षमता को कमजोर कर देते हैं. उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनाना भी है.
शिविर में कैडेट्स का नियमित सैन्य प्रशिक्षण भी जारी
उन्होंने कहा कि तंबाकू मुक्त जीवन ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है. इसलिए युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहकर समाज को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए.
तंबाकू निषेध दिवस के कार्यक्रमों के साथ-साथ शिविर में कैडेट्स का नियमित सैन्य प्रशिक्षण भी जारी है. पूर्व से चयनित 207 टीएससी कैडेट्स सहित सभी प्रतिभागी ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, हथियार संचालन, फायरिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट तथा त्वरित टेंट पिचिंग जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.
इसके अलावा हेल्थ एंड हाइजीन से संबंधित विशेष सत्रों के माध्यम से कैडेट्स को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे की प्रवृत्तियों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
उत्कृष्ट कैडेट्स होंगे सम्मानित
शिविर अधिकारियों ने बताया कि 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान सैन्य गतिविधियों और सामाजिक अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को समापन समारोह में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा. शिविर को सफल बनाने के लिए सभी सैन्य प्रशिक्षक एवं सहयोगी कर्मी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं.
Also Read : बेगूसराय के युवा ने केले के बेकार तनों को बनाया किसानों की कमाई का जरिया
