बेगूसराय : एक हफ्ते से खराब नल-जल की टंकी, भीषण गर्मी में सैकड़ों ग्रामीण पानी के लिए तरसे; आंदोलन की चेतावनी

बेगूसराय के बखरी प्रखंड में नल-जल योजना की पानी टंकी पिछले एक हफ्ते से खराब है. भीषण गर्मी में सैकड़ों ग्रामीण शुद्ध पानी के लिए तरस रहे हैं. ग्रामीणों ने जल्द टंकी ठीक न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

बेगूसराय जिले के बखरी प्रखंड की घाघरा पंचायत अंतर्गत सिमरी वार्ड संख्या 4 में नल-जल योजना की पानी टंकी पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ी है. भीषण गर्मी के बीच सैकड़ों ग्रामीण शुद्ध पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं. इससे लोगों के सामने पानी की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है.

पानी की सप्लाई बंद होने से दिनचर्या प्रभावित

ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड में नल-जल योजना से ही घरों तक पानी पहुंचता है. इसी पानी का इस्तेमाल लोग पीने और घर के दूसरे कामों के लिए करते हैं. लेकिन करीब एक सप्ताह से टंकी खराब होने के कारण पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है. गर्मी में पानी की इस कमी ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है.

मशीन में शॉर्ट सर्किट के कारण रुकी जलापूर्ति

नल-जल योजना के संचालक कृष्ण कुमार ने जानकारी दी कि पानी टंकी की मशीन में शॉर्ट सर्किट होने से खराबी आई है. इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है, लेकिन अभी तक कोई मिस्त्री नहीं पहुंचा है. मशीन ठीक होने के बाद ही पानी की सप्लाई फिर से शुरू हो पाएगी.

सप्लाई शुरू न होने पर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों का कहना है कि उनके इलाके में बिजली और पानी जैसी जरूरी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं. पप्पू कुमार, ललित राम, मदन राम, मो साकिब, मो शकील, चंदन कुमार, मिथुन कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने अधिकारियों से जल्द से जल्द पानी टंकी ठीक करवाकर पानी की सप्लाई शुरू करने की मांग की है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्दी समस्या हल नहीं हुई, तो वे आंदोलन करेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >