Begusarai News : चेरियाबरियारपुर प्रखंड की गोपालपुर पंचायत स्थित नवनिर्मित बाबा गणिनाथ मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले जन्मोत्सव मेले की तैयारियों को लेकर रविवार को गणिनाथ सेवकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला पार्षद राम स्वार्थ साह ने की.
5 सितंबर को होगा जन्मोत्सव मेला
आयोजन समिति के अध्यक्ष उचित साह एवं सचिव सह भाजपा नेता उमेश साह ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 5 सितंबर को मंदिर परिसर में बाबा गणिनाथ जन्मोत्सव मेला भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा. मेले को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई.
4 सितंबर को निकलेगी कलश शोभायात्रा, होगा जागरण
बैठक में निर्णय लिया गया कि जन्मोत्सव से एक दिन पूर्व 4 सितंबर को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी. इसके साथ ही रात्रि में जागरण कार्यक्रम का भी आयोजन होगा. आयोजन समिति ने दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
मंदिर परिसर में सुविधाएं बढ़ाने पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया. साथ ही नवनिर्मित बाबा गणिनाथ मंदिर में शेष बचे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए सभी गणिनाथ सेवकों ने सहयोग का भरोसा दिया.
बड़ी संख्या में गणिनाथ सेवक रहे मौजूद
बैठक में राम बालक साह, अनोज साह, मंचित साह, रामनंदन साह, रामचंद्र साह सहित क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के गणिनाथ सेवकों ने भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया.
Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
