बेगूसराय में 75% उपस्थिति फिर भी नहीं मिली प्रोत्साहन राशि, शिक्षा विभाग के चक्कर काट रहे अभिभावक

Begusarai News : बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर प्रखंड के कई सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को मिलने वाली प्रोत्साहन एवं पोशाक राशि का भुगतान नहीं होने से अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. आरोप है कि 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी करने के बावजूद सैकड़ों छात्र-छात्राएं अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं.

Begusarai News : बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर प्रखंड के कई सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को मिलने वाली प्रोत्साहन एवं पोशाक राशि का भुगतान नहीं होने से अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. आरोप है कि 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी करने के बावजूद सैकड़ों छात्र-छात्राएं अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं. इससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.

उपस्थिति पूरी, फिर भी खाते में नहीं पहुंची राशि

मध्य विद्यालय पबड़ा की छात्रा राधा कुमारी ने बताया कि उसने इस वर्ष आठवीं कक्षा उत्तीर्ण कर नवम वर्ग में प्रवेश लिया है, लेकिन अब तक उसे प्रोत्साहन राशि नहीं मिली। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालय पबड़ा की छात्रा साक्षी कुमारी का कहना है कि नवम और दशम वर्ग में अध्ययन के दौरान 75 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति रहने के बावजूद उसे भी योजना का लाभ नहीं मिल सका।

शिक्षक का पुत्र भी लाभ से वंचित

मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मध्य विद्यालय पबड़ा में कार्यरत शिक्षक दीपक झा के पुत्र उज्ज्वल कुमार को भी 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी करने के बावजूद प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है। इससे अभिभावकों के बीच असंतोष और बढ़ गया है।

विद्यालय और विभाग के बीच फंसे अभिभावक

अभिभावकों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए वे लगातार विद्यालय और शिक्षा विभाग के कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कहीं से स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। विद्यालय प्रशासन का दावा है कि लाभुकों से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज विभाग को भेज दिए गए हैं, जबकि विभागीय स्तर पर अभिभावकों को विद्यालय से संपर्क करने की सलाह दी जा रही है।

योजनाओं के क्रियान्वयन पर उठ रहे सवाल

ग्रामीणों के अनुसार प्रखंड के कई विद्यालयों में बड़ी संख्या में ऐसे छात्र-छात्राएं हैं, जिन्हें अब तक पोशाक राशि और अन्य शैक्षणिक प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ नहीं मिला है। इससे योजनाओं की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कुछ अभिभावकों ने राशि वितरण में अनियमितता की आशंका भी जताई है।

जांच और शीघ्र भुगतान की मांग

अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, लाभुकों की सूची सार्वजनिक करने तथा वंचित छात्रों को जल्द से जल्द राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों के नाम पर मिलने वाली सरकारी सहायता राशि आखिर किस स्तर पर अटकी हुई है, इसकी स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।

प्राचार्या ने क्या कहा?

उच्च माध्यमिक विद्यालय पबड़ा की प्राचार्या माला कुमारी ने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से कई छात्रों को राशि नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों के सभी दस्तावेज सही हैं और विद्यालय स्तर से विभाग एवं बैंक दोनों से संपर्क किया गया है। बैंक की ओर से जानकारी दी गई है कि लाभुकों के खातों में चरणबद्ध तरीके से राशि भेजी जा रही है। जिन छात्रों के दस्तावेज पूर्ण हैं, उनके खाते में जल्द ही राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी.

Also Read : बेगूसराय में नन्हे हाथों ने संभाली प्रकृति की जिम्मेदारी, पक्षियों के लिए बच्चों को बांटे गए मिट्टी के सकोरे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Singh

विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >