ट्रैफिक चौक से कपसिया चौक तक चला अतिक्रमण हटाओ-साफ सफाई अभियान, बेगूसराय में मुख्यमंत्री के आने से पहले सतर्क रहा प्रशासन

मुख्यमंत्री के बेगूसराय आगमन से पहले, नगर निगम ने NH-31 पर एक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ और सफाई अभियान चलाया. फुटपाथी दुकानदारों और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की गई.

CM Samrat Choudhary Begusarai Visit : बेगूसराय में मुख्यमंत्री के आगमन के पहले शनिवार को ही नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर में ट्रैफिक चौक,सुभाष चौक, हर-हर महादेव चौक, कपसिया तक अतिक्रमण हटाने तथा साफ सफाई का बड़ा अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व नगर निगम के सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी अनुराग कुमार,नगर प्रबंधक अभय कुमार निराला, नगर योजना पर्यवेक्षक अजीत कुमार गोण्ड कर रहें थे. वहीं साफ सफाई अभियान का नेतृत्व सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी सूरज कुमार कर रहे थे.

इस अवसर पर सहायक वाहन प्रभारी मुकेश कुमार सहित दर्जनों की संख्या में नगर निगम कर्मी व पुलिस बल भी शामिल थे. जैसे ही बुलडोजर के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान एनएच-31 पर पहुंचा फुटपाथी दुकानदारों व एनएच-31 पर अवैध रुप से पार्किंग करने वाले ऑटो चालकों के बीच हड़कंप मच गया. स्टेशन चौक के करीब एक ऑटो चालक द्वारा अभियान के विरुद्ध एनएच-31 पर वाहन खड़ी कर सड़क जाम करने का भी प्रयास किया गया. जिसे पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए असफल कर दिया.

विदित हो कि एनएच-31 पर सिर्फ फुटपाथी दुकानदार ही नहीं, बल्कि अवैध रूप से सड़क पर ऑटो व ई-रिक्शा की पार्किंग भी आवागमन बाधित होने की वजह बनती है. इससे शहर की सुंदरता पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है. अतिक्रमण हटाने के दौरान लगभग डेढ दर्जन चारपहिया ठेला की जब्ती भी की गयी. आगे-आगे अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा था तो पीछे से साफ सफाई अभियान भी जारी था.

बतातें चलें कि एनएच-31 पर लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है. नगर निगम प्रशासन व जिला प्रशासन द्वारा वैसे दुकानदारों को जो खुले में मीट मछली का दुकान चला रहें उन्हें बार बार चेतावनी दी जा रही है कि खुले में मीट मछली बेचना बंद करें. यह नगरपालिका अधिनियम का उल्लंघन है, परंतु जब-जब अतिक्रमण हटाओ अभियान चलता है, तब लोग दुकान हटा लेते हैं. फिर जैसे ही मामला ठंडा होता है फिर खुलेआम बिकना शुरु हो जाता है. इस बार जिला प्रशासन व नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार खुले में मीट-मछली बेचने पर रोक के लिए अभियान चलाया जा रहा है.

वहीं एनएच-31 के सर्विस रोड पर हो रहे अतिक्रमण को भी लगातार हटाया जा रहा है.इस अभियान से यातायात सुविधा जनक हो गया है. सड़क के किनारे अस्थायी दुकानों को हटाया जा रहा है, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बन रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >