Begusarai News : बाबा हरिगिरिधाम न्यास समिति की ओर से गढ़पुरा प्रखंड के वार्ड संख्या-12 स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के बीच जूते वितरित किए गए. कार्यक्रम में बाबा हरिगिरिधाम न्यास समिति के अध्यक्ष सह बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ ने 165 जोड़ी जूते बच्चों को दिए. सभी जूते बेगूसराय के व्यवसायी मुरारी अग्रवाल की ओर से न्यास समिति को उपलब्ध कराए गए थे.
चॉकलेट खिलाकर बच्चों से किया संवाद
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों को चॉकलेट खिलाकर की गई. इसके बाद एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ ने बच्चों से संवाद करते हुए पढ़ाई, स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें साझा कीं. उन्होंने बच्चों को बाहरी एवं अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है. उन्होंने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ विद्यालय और आसपास के परिसर को भी साफ रखने के लिए प्रेरित किया.
विद्यार्थी जीवन का अनुभव साझा कर बढ़ाया बच्चों का उत्साह
बच्चों से बातचीत के दौरान एसडीएम ने अपने विद्यार्थी जीवन और पढ़ाने के प्रति रुचि का जिक्र किया. उन्होंने कहा, "अगर मैं एसडीएम नहीं होता तो शिक्षक या प्रोफेसर ही होता, क्योंकि मुझे भी पढ़ने और पढ़ाने में बहुत रुचि है." उनकी इस बात पर बच्चों में उत्साह देखने को मिला. उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए भी प्रेरित किया.
रसोइया को डिनर सेट देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की रसोइया को भी डिनर सेट देकर सम्मानित किया गया. इस मौके पर विद्यालय के बच्चों को शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी गई.
अतिक्रमण और बाउंड्री की समस्या ग्रामीणों ने उठाई
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण और विद्यालय की चारदीवारी नहीं होने की समस्या एसडीएम के समक्ष रखी. ग्रामीणों ने विद्यालय की जमीन का सीमांकन कराकर उसे अतिक्रमण मुक्त कराने तथा चारदीवारी निर्माण की दिशा में पहल करने की मांग की.
ग्रामीणों की मांग पर एसडीएम सह न्यास समिति के अध्यक्ष सन्नी कुमार सौरभ ने विद्यालय की जमीन का सीमांकन कराने, बाउंड्री की व्यवस्था कराने तथा कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र है, इसलिए यहां बेहतर शैक्षणिक एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है.
मौके पर मौजूद रहे अधिकारी और समिति के पदाधिकारी
कार्यक्रम में बीडीओ अखिलेश्वर कुमार, हरिगिरिधाम न्यास समिति के सचिव विकास सिंघानिया, कमल किशोर झा, टूनटून शर्मा, दिलीप शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक, बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
Also Read : बेगूसराय के जिला परिषद में मनमानी व दोहरी नीति का आरोप, अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान का अनिश्चितकालीन धरना जारी
