अत्यधिक शोर वाले पटाखों के उपयोग पर प्रतिबंध

बेगूसराय : दीपावली एवं लोक आस्था का महापर्व छठ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इस उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कारगिल विजय सभा भवन में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि दीपावली एवं छठ पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन […]

बेगूसराय : दीपावली एवं लोक आस्था का महापर्व छठ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इस उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कारगिल विजय सभा भवन में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि दीपावली एवं छठ पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन अपनी कार्ययोजना पर काम कर रहा है.

पर्व में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश वायु एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण आदेश का सख्ती से अनुपालन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि अत्यधिक शोर,वायु प्रदूषण,अपशिष्ट जलाने वाले एवं सीरीज करने वाले पटाखों के निर्माण व उपयोग को प्रतिबंधित किया गया है. पटाखों की बिक्री केवल लाइसेंसधारी दुकानदारों द्वारा ही किया जायेगा.
जिला पदाधिकारी ने बताया कि 125 डेसिबल से कम आवाज एवं कम धुआं उत्सर्जित करने वाले पटाखे (हरित पटाखा) के निर्माण एवं बिक्री की अनुमति दी जायेगी तथा बेरियम निर्मित पटाखों का उपयोग पूर्णत: वर्जित है. उन्होंने कहा कि मान्य पटाखों का उपयोग रात्रि 08:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक ही किया जा सकेगा. साथ ही सार्वजनिक स्थल अस्पताल, स्कूल, छठ घाटों आदि के 100 मीटर के अंदर किसी भी प्रकार के पटाखे का प्रयोग करना पूर्णरूप से प्रतिबंधित रहेगा.
जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा यह सुनिश्चित किया जायेगा कि छठ घाटों तथा सड़कों की साफ-सफाई के साथ-साथ घाटों पर माइकिंग, रोशनी की व्यवस्था, बैरीकेडिंग व आवश्यकतानुसार नियंत्रण कक्ष की स्थापना हो. जिला पदाधिकारी ने बताया कि सिविल सर्जन को यह निर्देश दिया गया है कि दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान सभी सरकारी अस्पताल खुले रहना चाहिए.
साथ ही कार्यपालक अभियंता विद्युत को भी विभिन्न समितियों द्वारा प्रयुक्त विद्युत तारों की सुरक्षा की जांच करने का निर्देश दिया गया है. बैठक में पुलिस कप्तान अवकाश कुमार ने कहा कि छठ लोकआस्था एवं स्वच्छता का प्रतीक है. प्रशासन का यह प्रयास होगा कि पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से सम्पादित हो. उन्होंने शांति समिति में युवा सदस्यों को भी शामिल करने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी से सामाजिक समरसता बरकरार रहती है.
नगर निगम के महापौर उपेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि नगर निगम के अंतर्गत सभी घाटों पर पर्याप्त व्यवस्था की जायेगी तथा छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसका ख्याल रखा जायेगा. बैठक में नजारत उपसमाहर्ता सह ओएसडी सच्चिदानंद सुमन,अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार चौधरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजन सिन्हा, डॉ नलिनीरंजन सिंह, चितरंजन प्रसाद सिंह, मो अहसन, समाजसेवी दिलीप कुमार सिन्हा, अशोक कुमार सिंह अमर समेत अन्य समिति के सदस्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >